19-May-2026
...


:: मानसून से पहले सर्विस रोड तैयार करने के निर्देश; महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने की समीक्षा बैठक :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में यातायात सुगम बनाने और मानसून के दौरान नागरिकों को होने वाली परेशानी से बचाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। मंगलवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में आईडीए, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और एमपीआरडीसी के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए महापौर ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरे किए जाएं। बैठक में जनकार्य प्रभारी राजेंद्र राठौर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। नगर निगम द्वारा शहर में बनाए जा रहे 19 पुल-पुलियों की समीक्षा के दौरान यह जानकारी सामने आई कि 10 परियोजनाएं अब पूरी होने को हैं। इन 10 पुल-पुलियों का सामूहिक लोकार्पण आगामी 20 जून को किया जाएगा। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी। :: मानसून पूर्व सर्विस रोड पर फोकस :: बैठक में बारिश के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इस पर विशेष जोर दिया गया। एमपीआरडीसी : अधिकारियों ने बताया कि मानसून आने से पहले चार प्रमुख ब्रिजों के आसपास की सर्विस रोड और नीचे के मार्ग तैयार कर लिए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी : रेती मंडी ब्रिज का राजेंद्र नगर से राऊ की ओर जाने वाला हिस्सा तैयार है, जिसे जल्द ही यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। मानसून के बाद सर्विस रोड पूर्ण होने पर पूरे ब्रिज को शुरू किया जाएगा। आईडीए : लवकुश चौराहे पर बन रहे डबल डेकर ब्रिज को जुलाई अंत तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, चंदन नगर पुल के लिए जल्द ही निविदा (टेंडर) जारी की जाएगी। :: दिसंबर 2026 तक सभी काम पूरे करने का लक्ष्य :: बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी निर्माण एजेंसियां दिसंबर 2026 तक शहर की सभी प्रमुख ब्रिज परियोजनाओं को पूरा करेंगी। एमआर-4 ब्रिज परियोजना में कुछ समय अधिक लग सकता है, लेकिन वहां भी निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली, पानी एवं अन्य यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य नगर निगम द्वारा प्राथमिकता से किया जा रहा है। महापौर ने सभी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां कार्य अधूरे हैं, वहां के मार्ग को जल्द से जल्द यातायात योग्य बनाया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।