मुंबई (ईएमएस)। अपनी खूबसूरती, अभिनय और मेहनत के दम पर बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान ने फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है। सोनल सिर्फ फिल्मों ही नहीं, बल्कि अपनी निजी जिंदगी और रिश्तों को लेकर भी अक्सर चर्चा में रही हैं। सोनल का सपना पत्रकार बनने का था लेकिन वह अभिनेत्री बन गई। मॉडलिंग से करियर की शुरुआत करने वाली सोनल आज हिंदी के साथ-साथ साउथ सिनेमा में भी जाना-पहचाना नाम बन चुकी हैं। साल 2005 में सोनल चौहान ने मिस वर्ल्ड टूरिज्म का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। इसी जीत ने उनके लिए ग्लैमर इंडस्ट्री के दरवाजे खोल दिए। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग, विज्ञापनों और म्यूजिक वीडियो में काम करना शुरू किया। धीरे-धीरे उनकी लोकप्रियता बढ़ती गई और उन्हें फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। सोनल के करियर का सबसे बड़ा मोड़ साल 2008 में आया, जब उन्हें फिल्म ‘जन्नत’ में काम करने का मौका मिला। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता इमरान हाशमी नजर आए थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई और सोनल रातोंरात स्टार बन गईं। बताया जाता है कि निर्देशक कुणाल देशमुख ने सोनल को मुंबई के एक रेस्टोरेंट में देखा था और उसी समय उन्हें फिल्म की हीरोइन बनाने का फैसला कर लिया था। महज एक हफ्ते के भीतर सोनल को फिल्म के लिए साइन कर लिया गया। ‘जन्नत’ में सोनल की सादगी और खूबसूरती को दर्शकों ने खूब पसंद किया। फिल्म के गाने और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस ने युवाओं के बीच उन्हें काफी लोकप्रिय बना दिया। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया और अपनी अलग पहचान कायम की। सोनल चौहान अभिनेता और गायक हिमेश रेशमिया के मशहूर एल्बम ‘आप का सुरूर’ में भी नजर आई थीं। इस म्यूजिक वीडियो से भी उन्हें काफी पहचान मिली। अभिनय के साथ-साथ सोनल को संगीत में भी गहरी रुचि है। फिल्म ‘3जी’ में उन्होंने मशहूर गायक केके के साथ ‘कैसे बताऊं’ गाना भी गाया था। दिल्ली के गार्गी कॉलेज से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई करने वाली सोनल का सपना पत्रकार बनने का था। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें पत्रकारिता में काफी रुचि थी, लेकिन किस्मत उन्हें फिल्मी दुनिया में ले आई। सोनल ने ‘जन्नत’, ‘बुड्ढा होगा तेरा बाप’, ‘3जी’, ‘लेजेंड’, ‘पलटन’, ‘द घोस्ट’ और ‘एफ3: फन एंड फ्रस्टेशन’ जैसी फिल्मों में काम किया है। हिंदी फिल्मों के अलावा उन्होंने तमिल, तेलुगु और कन्नड़ सिनेमा में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। सुदामा/ईएमएस 20 मई 2026