मुंबई (ईएमएस)। स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक उड़ने की आशा में ‘सायली’ का मुख्य किरदार निभाकर टेलीविजन अभिनेत्री नेहा हरसोरा दर्शकों का दिल जीत रही हैं। धारावाहिक में उनकी और सह-कलाकार कंवर ढिल्लन की ऑन-स्क्रीन जोड़ी को काफी पसंद किया जा रहा है। एक इंटरव्यू में नेहा ने अपने किरदार, निजी जीवन और गर्मियों के अनुभवों को लेकर खुलकर बातचीत की। नेहा हरसोरा ने शो में ‘सचिन’ और ‘सायली’ के रिश्ते को लेकर कहा कि दोनों किरदार शुरू से ही एक-दूसरे के लिए भावनात्मक सहारा बने हुए हैं। अभिनेत्री के मुताबिक उनकी पहली प्राथमिकता हमेशा परिवार रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे परिवार के लोगों ने उनके साथ कैसा भी व्यवहार किया हो, लेकिन सचिन और सायली अपने माता-पिता और भाई-बहनों को हमेशा महत्व देते हैं। यही वजह है कि दर्शकों को दोनों के रिश्ते में अपनापन और सच्चाई दिखाई देती है। शूटिंग के व्यस्त कार्यक्रम और बढ़ती गर्मी के बारे में बात करते हुए नेहा ने कहा कि मौजूदा मौसम में काम करना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने बताया कि शहर में लगातार विकास कार्यों और फ्लाईओवर निर्माण के चलते पेड़ों की कटाई हुई है, जिससे गर्मी पहले से ज्यादा बढ़ गई है। अभिनेत्री ने कहा कि कई बार छांव में खड़ा रहना भी मुश्किल हो जाता है और इस मौसम से बचने का कोई आसान तरीका नहीं है। नेहा ने लोगों को सलाह देते हुए कहा कि गर्मियों में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पानी की कमी नहीं होने देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए और जब भी मौका मिले, पर्याप्त आराम करना चाहिए। अभिनेत्री का मानना है कि गर्मी का असर लोगों की भूख और ऊर्जा पर भी साफ दिखाई देता है। गर्मी की छुट्टियों को याद करते हुए नेहा ने कहा कि इस मौसम का जिक्र होते ही उन्हें सबसे पहले अपनी मां की याद आती है। उन्होंने बताया कि गर्मियों में लोग जल्दी थकान और कमजोरी महसूस करने लगते हैं, इसलिए बहुत भारी वर्कआउट करने की बजाय हल्की एक्सरसाइज और योग करना ज्यादा बेहतर होता है। उनके मुताबिक शरीर को फिट रखने के लिए संतुलित दिनचर्या बेहद जरूरी है। जब नेहा से पूछा गया कि अगर उन्हें अपने किसी सह-कलाकार के साथ गर्मियों की छुट्टियां बिताने का मौका मिले तो वह किसे चुनेंगी, तो उन्होंने तुरंत अपनी दोस्त रिया का नाम लिया। हालांकि अभिनेत्री ने यह भी कहा कि फिलहाल वह किसी लंबी यात्रा के बारे में सोच नहीं पा रही हैं। सुदामा/ईएमएस 20 मई 2026