मनोरंजन
20-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अपनी बेबाक सोच के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री शेफाली शाह ने कहा कि समाज में शादी और बच्चे पैदा करने को लेकर काफी दबाव बनाया जाता है, जबकि लोगों को अपनी जिंदगी के फैसले सोच-समझकर लेने चाहिए। शेफाली शाह ने एक बार फिर रिश्तों, शादी और पैरेंटहुड जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी है। एक यूटयूबर से बातचीत में शेफाली ने खासतौर पर युवतियों को सलाह दी कि कम उम्र में शादी करने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को जिंदगी में अलग-अलग लोगों से मिलना चाहिए और खुद को समझने के बाद ही किसी रिश्ते में गंभीरता से आगे बढ़ना चाहिए। उनके मुताबिक शादी एक बड़ा फैसला है और इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। अभिनेत्री ने कहा कि जब तक व्यक्ति भावनात्मक रूप से परिपक्व न हो जाए, तब तक किसी रिश्ते में पूरी तरह कमिटमेंट करना सही नहीं माना जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि शादी में काफी मेहनत और समझदारी की जरूरत होती है। बातचीत के दौरान शेफाली ने मजाकिया अंदाज में कहा कि बच्चों की बजाय लोग कुत्ते पाल लें। उन्होंने कहा कि पालतू कुत्ते इंसानों को बिना किसी शर्त के प्यार देते हैं। हालांकि अभिनेत्री ने यह बात हल्के अंदाज में कही, लेकिन सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कुछ समय पहले शेफाली ने टीवी इंडस्ट्री में आए बदलावों पर भी अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि पहले टीवी धारावाहिकों में मजबूत कहानियां और तय अंत हुआ करते थे, जबकि अब टीआरपी और लंबे एपिसोड्स का दबाव ज्यादा दिखाई देता है। उनके अनुसार पहले कंटेंट की गुणवत्ता पर अधिक ध्यान दिया जाता था, लेकिन अब कई बार कहानी को टीआरपी के हिसाब से बदल दिया जाता है। अगर शेफाली शाह की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने पहले अभिनेता हर्ष छाया से शादी की थी, लेकिन कुछ वर्षों बाद दोनों अलग हो गए। इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह से विवाह किया। दोनों के दो बेटे हैं। शेफाली अपने पालतू कुत्तों से भी बेहद लगाव रखती हैं और अक्सर उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करती रहती हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो शेफाली हाल ही में वेब सीरीज दिल्ली क्राइम के तीसरे सीजन में नजर आई थीं। सुदामा/ईएमएस 20 मई 2026