झाबुआ (ईएमएस)। जिला की थाना कोतवाली पुलिस द्वारा दो पृथक कार्रवाइयों में अवैध गांजा एवं ब्राउन शुगर के कारोबार में संलग्न तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से ब्राउन शुगर सहित अवैध गांजा बरामद किया गया है। पुलिस जानकारी अनुसार आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण में जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आर सी भास्करे ने बताया कि ब्राउन शुगर एवं मादक पदार्थ गांजा के अवैध कारोबार के संबंध में सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना की दो पुलिस टीमों द्वारा निर्दिष्ट जगहों पर दबिश दी गई, और आरोपितों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। थाना प्रभारी कोतवाली के अनुसार अवैध रूप से गांजा कारोबार के संबंध में सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति किशनपुरी हनुमान मंदिर के पास अवैध गांजा बेचने हेतु खड़ा है, जबकि ब्राउन शुगर का कारोबारी कृषि विज्ञान केंद्र के पीछे तालाब किनारे अवैध ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया। उक्त दोनों प्रकरणों के आरोपित मौके पर पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, किंतु पुलिस बल की सहायता से उन्हें पकड़ लिया गया। ब्राउन शुगर के आरोपित कारोबारी से पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संदीप पुत्र मुकेश डामोर, उम्र 23 वर्ष, निवासी सिद्धेश्वर कॉलोनी, शनि मंदिर के पीछे, झाबुआ बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 1.90 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली झाबुआ में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य प्रकरण में गिरफ्तार किए गए गांजा के आरोपित कारोबारी ने अपना नाम नौशाद पिता अकबर, उम्र 43 वर्ष, निवासी सज्जन रोड, झाबुआ बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 375 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली झाबुआ में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपितों द्वारा उक्त मादक पदार्थ सुरेश पुत्र हकरू भाबोर, निवासी गोपालपुरा से खरीदना बताया गया। इस आधार पर पुलिस टीम द्वारा आरोपी सुरेश पुत्र हकरू भाबोर को भी गिरफ्तार किया गया। - ईएमएस / 20/5/2026