क्षेत्रीय
20-May-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में देशभर में केमिस्ट संगठनों ने हड़ताल का आह्वान किया, जिसका असर छत्तीसगढ़ में भी व्यापक रूप से देखने को मिला। प्रदेशभर में करीब 18 हजार मेडिकल स्टोर बंद रहे, जिनमें थोक और रिटेल दोनों प्रकार की दवा दुकानें शामिल हैं। राजधानी रायपुर, बिलासपुर और अन्य प्रमुख शहरों में सुबह से अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद दिखाई दिए। सरगुजा में केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संघ ने ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में बाइक रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने शहर के विभिन्न इलाकों से रैली निकालते हुए अपोलो फार्मेसी के सामने नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया। यह रैली अग्रसेन चौक, जय स्तंभ चौक, महामाया चौक, संगम चौक से होते हुए घड़ी चौक तक पहुंची।दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन दवा कंपनियों द्वारा भारी छूट और ऑफर दिए जाने से स्थानीय मेडिकल स्टोर्स का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म छोटे दवा व्यापारियों के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं और इससे स्थानीय व्यापार धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। इस आंदोलन को व्यापारिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं का भी समर्थन मिला है। कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने कहा कि यह केवल दवा व्यापार से जुड़ा मुद्दा नहीं है, बल्कि छोटे व्यापारियों और स्थानीय बाजारों के अस्तित्व से भी जुड़ा विषय है। डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कृपलानी ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री और बड़े डिस्काउंट मॉडल के कारण स्थानीय व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो रहा है। इधर, कांग्रेस के चिकित्सा प्रकोष्ठ ने भी इस हड़ताल को समर्थन दिया है। प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि बड़ी ऑनलाइन और विदेशी कंपनियों के कारण स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है और इस विषय पर सरकार को संतुलित नीति अपनाने की जरूरत है। हड़ताल के मद्देनजर राज्य का खाद्य एवं औषधि प्रशासन भी अलर्ट पर है। प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं कि मरीजों को आवश्यक दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सरकारी जनऔषधि केंद्र, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर, सरकारी अस्पताल, नर्सिंग होम और अन्य वैकल्पिक माध्यमों से जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में जरूरत से ज्यादा दवाइयों का संग्रह न करें। नियमित दवा लेने वाले मरीज आवश्यक दवाएं पहले से रख सकते हैं, लेकिन अनावश्यक खरीदारी से बचने की सलाह दी गई है। फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 मई 2026