क्षेत्रीय
20-May-2026
...


कवर्धा (ईएमएस)। जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरकोना गांव में एक सड़क हादसे के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। तेज रफ्तार डायल 112 वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, घटना नेशनल हाईवे-30 (रायपुर-जबलपुर मार्ग) पर हुई। बताया जा रहा है कि बिरकोना गांव स्थित शिव मंदिर में शिवलिंग से लिपटे नाग की चोरी के मामले में ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर डायल 112 को सूचना दी थी। पुलिस टीम आरोपी को अपने वाहन में बैठाकर थाने ले जा रही थी, इसी दौरान रास्ते में डायल 112 वाहन ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस टीम के खिलाफ नाराजगी जताई। कुछ समय तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन तेज रफ्तार में चलाया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घायल युवक का इलाज जारी है। - (ईएमएस) 20 मई 2026