बलरामपुर (ईएमएस)। जिले के वाड्रफनगर तहसील कार्यालय में जमीन से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामले में 18 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, वाड्रफनगर तहसीलदार की अदालत में जमीन संबंधी मामले की सुनवाई चल रही थी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौच और विवाद में बदल गई। आरोप है कि सुनवाई के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के अधिवक्ता के साथ भी अभद्र व्यवहार और मारपीट की। स्थिति बिगड़ने पर दोनों पक्षों को न्यायालय परिसर से बाहर किया गया, लेकिन इसके बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ। तहसील और सिविल कोर्ट परिसर में दोनों पक्षों के लोग फिर आपस में भिड़ गए और मारपीट करने लगे। घटना के बाद वाड्रफनगर तहसीलदार गुरुदत्त पंचभावे ने न्यायालय की गरिमा भंग करने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कराने के लिए पुलिस को रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट के साथ घटना से संबंधित वीडियो भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर दोनों पक्षों के कुल 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है। - (ईएमएस) 20 मई 2026