क्षेत्रीय
20-May-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में बेस्ट के वर्ष 2026-27 के बजटीय अनुमान को लेकर बड़ा मुद्दा सामने आया है। बेस्ट समिति की अध्यक्ष तृष्णा विश्वासराव ने आरोप लगाया कि मुंबई महानगरपालिका प्रशासन फिलहाल बेस्ट को मांगा गया अनुदान देने के पक्ष में नजर नहीं आ रहा है। बेस्ट ने महानगरपालिका से कुल 3,941 करोड़ रुपये के अनुदान की मांग की है। इसमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित ग्रेच्युटी और अंतिम भुगतान के लिए 1,502 करोड़ रुपये तथा परिवहन विभाग की बस सेवा में होने वाले घाटे को पूरा करने के लिए 2,439 करोड़ रुपये शामिल हैं। बैठक में तृष्णा विश्वासराव ने कहा कि बेस्ट के कई डिपो (आगार) बेहद खराब स्थिति में हैं और सबसे पहले उनकी मरम्मत तथा साफ-सफाई पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों के आवास, कोरोना काल के भत्ते और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रेच्युटी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बेस्ट को आर्थिक संकट से बाहर निकालने के लिए आय बढ़ाने के नए रास्ते तलाशने होंगे। साथ ही केंद्र सरकार, राज्य सरकार, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर बेस्ट के लिए अनुदान की मांग करनी चाहिए। तृष्णा विश्वासराव ने यह भी कहा कि वर्तमान में बेस्ट के पास केवल 249 स्वामित्व वाली बसें हैं और भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने पर जोर देना होगा। बैठक में बेस्ट समिति के वरिष्ठ सदस्य सुनील गणाचार्य ने सुझाव दिया कि अनुदान मांगने से पहले केंद्र और राज्य सरकार को बेस्ट की योजनाओं और कामकाज की पूरी जानकारी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि निधि की आवश्यकता और परियोजनाओं का स्पष्ट विवरण देने के बाद ही सरकार से आर्थिक सहायता मांगना अधिक प्रभावी होगा। - २० मई/२०२६/ईएमएस