- पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया होगी और मजबूत धमतरी (ईएमएस)। जिले में आपातकालीन पुलिस सहायता व्यवस्था को अधिक तेज, प्रभावी और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित कंपोजिट भवन में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें डायल-112 और इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) में तैनात पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और वाहन चालकों ने भाग लिया। कार्यशाला में जिले को मिले कुल 12 नए हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों के संचालन और उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। इन वाहनों को 12 थाना क्षेत्रों में 24 घंटे सक्रिय रूप से तैनात किया जाएगा, ताकि आपातकालीन स्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इन वाहनों का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं, महिला संबंधी अपराध, मारपीट, विवाद और अन्य आपराधिक घटनाओं जैसी स्थितियों में तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत देने के लिए किया जाएगा। कार्यशाला के दौरान पुलिसकर्मियों को रिस्पांस सिस्टम, घटनास्थल तक तेजी से पहुंचने की रणनीति, तकनीकी समन्वय और आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही संयमित व्यवहार, प्रभावी संवाद, टीमवर्क और आधुनिक उपकरणों के उपयोग की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि डायल-112 और ईआरवी सेवा जनता की सुरक्षा और भरोसे का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए हर सूचना और कॉल को गंभीरता से लेकर तुरंत कार्रवाई करना आवश्यक है। वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग, आपातकालीन मार्ग चयन, वाहन रखरखाव और जिम्मेदारीपूर्वक ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए। उन्हें यह भी समझाया गया कि आपात स्थिति में एक-एक मिनट महत्वपूर्ण होता है, इसलिए त्वरित प्रतिक्रिया सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। नए 12 हाईटेक ईआरवी वाहनों के शामिल होने से धमतरी पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है, जिससे आम जनता को समय पर और भरोसेमंद पुलिस सहायता मिल सकेगी। - (ईएमएस)20 मई 2026