क्षेत्रीय
20-May-2026
...


- खेत से शव बरामद कर आरोपी गिरफ्तार - अलीगढ़ में ऑनर किलिंग की वारदात अलीगढ़ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से ऑनर किलिंग का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां खैर कोतवाली क्षेत्र के जरारा गांव में एक पिता ने अपनी 19 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता शव को अपनी पीठ पर रस्सी से बांधकर मोटरसाइकिल से एक खेत में ले गया, जहां उसने पांच फीट गहरा गड्ढा खोदकर लाश को दफना दिया। आरोपी की पहचान 45 वर्षीय किसान पूरन के रूप में हुई है, जिसने अपनी बेटी शिवानी की हत्या महज इसलिए कर दी क्योंकि वह एक पड़ोसी युवक से प्रेम करती थी और उससे शादी करने की जिद पर अड़ी थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी पूरन ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि शिवानी का पिछले एक साल से पड़ोस के एक लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार के विरोध के बावजूद वह उसी से शादी करना चाहती थी। बंदिशें लगाए जाने से नाराज होकर शिवानी ने 17 मई को तेजाब पीकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी। इसके बाद लोकलाज और बदनामी के डर से पूरन ने उसे रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया। रविवार रात जब परिवार के बाकी सदस्य सो रहे थे, तब पूरन ने कमरे में जाकर शिवानी का गला घोंट दिया और सोमवार तड़के करीब 3 बजे घर से एक किलोमीटर दूर ले जाकर शव को दफना दिया। अगली सुबह आरोपी अपनी बेटी के लापता होने का नाटक करता रहा और राज खुलने के डर से अपने दोनों बेटों और पत्नी राजकुमारी को भी जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। हालांकि, शिवानी के अचानक गायब होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दे दी। मंगलवार दोपहर जब पुलिस जांच के लिए पहुंची, तो पूरन के गोलमोल जवाबों से टीम को उस पर शक हुआ। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपी टूट गया और उसने पूरी सच्चाई उगल दी। एसपी देहात मनीष कुमार मिश्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मृतका की मां की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार शाम को ही पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर खेत से गड्ढा खुदवाकर शिवानी का शव बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से कानूनी तफ्तीश कर रही है। रामयश/ईएमएस 20 मई 2026