- फरार आरोपी ‘गुड्डा सरदार’ ने किया सरेंडर रायगढ़ (ईएमएस)। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। इस मामले में मुख्य आरोपी करण चौधरी की गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क संभालने वाला जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। जानकारी के अनुसार, बढ़ते पुलिस दबाव और लगातार चल रही कार्रवाई के बीच आरोपी स्वयं रायगढ़ एसपी कार्यालय पहुंचा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के समक्ष सरेंडर किया। इस दौरान उसने भविष्य में किसी भी प्रकार के सट्टा या अवैध कारोबार में शामिल न होने की बात कही। सरेंडर के दौरान एसएसपी ने आरोपी को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस की निगरानी में सट्टा और अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोग हैं और फरारी लंबे समय तक नहीं चल सकती। उन्होंने आरोपी को अपराध छोड़कर सामान्य जीवन अपनाने की सलाह दी। जानकारी के मुताबिक, गोपी टॉकीज के पास रहने वाले जसमीत बग्गा ने बताया कि फरारी के दौरान वह लगातार मानसिक तनाव में था और परिवार की चिंता उसे परेशान कर रही थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि जसमीत बग्गा, गिरफ्तार आरोपी करण चौधरी के सट्टा नेटवर्क का संचालन संभालता था और वह खुद भी बड़े स्तर का सट्टा खाईवाल बन चुका था। जांच में घरघोड़ा से पकड़े गए गौतम भोजवानी तथा रायपुर के सट्टा कारोबारियों मोहित सोमानी और प्रकाश वाधवानी से उसके संबंधों के संकेत भी मिले हैं। सरेंडर के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे डिजिटल साक्ष्य, नेटवर्क की कड़ियों और संपत्ति की जांच की कार्रवाई की जा रही है। - (ईएमएस)20 मई 2026