- हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस - ट्यूशन जाने के बाद से बंद था मोबाइल - गिरिडीह में पसरा सन्नाटा, परिवार में कोहराम गिरिडीह (ईएमएस)। झारखंड के गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र में सरिसिया सिहोडीह पुराने पुल के नीचे बुधवार सुबह एक 11वीं की छात्रा का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की भनक लगते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र का माहौल गमगीन हो गया है और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी। मृतका की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरिसिया निवासी जागेश्वर दास की 17 वर्षीय पुत्री पायल कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, पायल बीते 18 मई (सोमवार) से लापता थी। वह सोमवार की सुबह रोजाना की तरह ट्यूशन पढ़ने और बच्चों को पढ़ाने के लिए घर से निकली थी। अमूमन दोपहर तक लौट आने वाली पायल जब देर शाम तक वापस नहीं आई, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। शाम को जब उसकी मां ने उससे फोन पर बात की, तो पायल ने कहा था कि वह सिलाई का काम खत्म कर जल्द ही घर लौट रही है, लेकिन उसके बाद जब दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आने लगा। परिजनों ने अपनी स्तर पर रिश्तेदारों और संभावित जगहों पर पायल की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने मुफ्फसिल थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस भी छात्रा की खोजबीन में जुटी थी कि इसी बीच बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पुल के नीचे नदी के पानी में एक शव उतराता देखा। पुलिस और परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद शव की शिनाख्त पायल के रूप में की गई, जिससे मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का, इसका सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। रामयश/ईएमएस 20 मई 2026