- संचालकों पर कार्यवाही करने शिवसेना ने सौंपा ज्ञापन जबलपुर, (ईएमएस)। शिवसेना ने अधारताल स्थित फर्नीचर फैक्टरियों में श्रमिकों के शोषण का आरोप लगाते हुए फैक्टरी संचालकों पर कार्यवाही की मांग की है। शिवसेना के सचिव गजानन गुप्ता के नेतृत्व में इस संबंध में कलेक्टर के नाम अधारताल तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शिवसेना जिला सचिव गजानंद गुप्ता ने बताया कि अधारताल फैक्टरियों में लगभग 350-400 पुरुष श्रमिक एवं 100-150 महिला श्रमिक गत 10 से 15 वर्षों से कार्यरत हैं। 10 से अधिक श्रमिक होने के बावजूद किसी भी श्रमिक का बीमा नहीं कराया गया है न ही साप्ताहिक अवकाश दिया जाता। बीमार होने पर कोई चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाती। 100 से 150 महिला श्रमिक होने के बावजूद मातृत्व का लाभ एवं बच्चों के लिये क्रेच की सुविधा उपलब्ध नहीं है और न ही हाजिरी रजिस्टर रखा गया है। वेतन भी नगद दिया जाता है और इस फैक्ट्री में शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का कोई भी लाभ श्रमिकों को नहीं दिया जा रहा है। ज्ञापन में शिवसेना ने मांग की है कि इन श्रमिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए फैक्ट्री मालिक पर तत्काल कार्यवाही करते हुये श्रमिकों को न्याय दिया जाये एवं शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ दिलाया जाये। अगर मांग पूरी नहीं होती है तो शिवसेना श्रमिकों के हितों के लिये उग्र आंदोलन के लिये बाध्य होगी जिसकी सारी जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपते समय प्रदेश उप प्रमुख शैलेन्द्र बारी, जिला प्रमुख शैलू सुजीत पटेल, मुकेश सराठे, भवानी शंकर सतनामी, सुधीर ताम्रकार, धन्नू गुप्ता, रजनी यादव, रामकली, रचना कोल, शशि यादव, राजकुमारी, रीतेश पाण्डे ने सैनिक एवं फैक्ट्री के श्रमिक उपस्थित थे। ..../ ईएमएस / 20 मई 2026