राज्य
20-May-2026


जयपुर (ईएमएस)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्ष के बेबुनियादी आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि अशोक गहलोत तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन वे जोधपुर सहित प्रदेश में स्थायी जल व्यवस्था तक सुनिश्चित नहीं कर पाए। यह सोचने का विषय है कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने समुचित व्यवस्थाएं विकसित नहीं कीं। वर्तमान भाजपा सरकार जल संकट के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। राठौड़ ने कहा कि जोधपुर में पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है, हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ समस्याएं सामने आई हैं। राज्य सरकार घर-घर जल पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाखड़ा बांध से क्लोजर आने के कारण कुछ समय के लिए परेशानी उत्पन्न हुई थी, लेकिन अब धीरे-धीरे व्यवस्थाएं सामान्य हो रही हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को भाजपा कार्यालय का घेराव करने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए। जिन घटनाओं को लेकर वे आरोप लगा रहे हैं, उनका भाजपा से कोई संबंध नहीं है। यह सब कांग्रेस से जुड़े लोगों का ही किया हुआ कारनामा है। इसमें भाजपा का कोई दोष नहीं है। गैस—तेल संकट पर राठौड़ ने कहा कि विपक्ष केवल राजनीति करने की कोशिश कर रहा है। इस प्रकार की हल्के स्तर की राजनीति करना उचित नहीं है। विपक्ष अच्छी तरह जानता है कि वर्तमान में गल्फ देशों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और वहां युद्ध जैसे हालात हैं। उत्पादन केंद्रों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। अशोक शर्मा/ 4 बजे/ 20 मई 2026