लॉस एंजिल्स (ईएमएस)। 18 सफल सीजन पूरे करने के बाद अमेरिकी मूल का लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय डांस रियलिटी शो सो यू थिंक यू कैन डांस के खत्म होने की खबर ने दुनियाभर के डांस प्रेमियों और कलाकारों को भावुक कर दिया है। शो को लेकर अभिनेत्री और डांसर लॉरेन गॉटलिब ने भी सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा किया है जिसमें इस शो को अपने जीवन का बेहद खास हिस्सा बताया। लॉरेन गॉटलिब ने इंस्टाग्राम पर शो से जुड़ा एक पुराना वीडियो शेयर किया और लिखा कि यह उनके लिए “एक दौर का अंत” है। उन्होंने बताया कि साल 2007 में वह महज 18 साल की उम्र में एरिजोना से ऑडिशन देने पहुंची थीं। उस समय उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह शो उनकी पूरी जिंदगी बदल देगा। अभिनेत्री के मुताबिक शो में हिस्सा लेने के बाद वह कई बार ऑल-स्टार सीजन में भी वापस लौटीं और धीरे-धीरे यह मंच उनके लिए दूसरे घर जैसा बन गया। लॉरेन ने कहा कि इस शो ने उन्हें केवल पहचान ही नहीं दी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई संभावनाओं के दरवाजे भी खोले। उन्होंने बताया कि इसी शो के जरिए भारतीय कोरियोग्राफर और निर्देशक रेमो डिसूजा की नजर उन पर पड़ी और बाद में उन्हें फिल्म एबीसीडी में काम करने का मौका मिला। लॉरेन के अनुसार यहीं से उनकी वैश्विक यात्रा शुरू हुई और उन्होंने अलग-अलग देशों में अपने काम से पहचान बनाई। अभिनेत्री ने पुराने दिनों को याद करते हुए एक हालिया घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले एक फ्लाइट अटेंडेंट ने उन्हें रोककर कहा कि वह ‘सो यू थिंक यू कैन डांस’ के समय उनकी बड़ी प्रशंसक थीं। लॉरेन ने कहा कि डांस किसी भाषा, सीमा या संस्कृति में बंधा नहीं होता, बल्कि यह सीधे दिल तक पहुंचता है। उनके मुताबिक यही वजह थी कि यह शो दुनिया भर के लाखों लोगों से भावनात्मक रूप से जुड़ पाया। लॉरेन गॉटलिब ने शो से जुड़े कलाकारों, कोरियोग्राफर्स, जजों, तकनीकी टीम और प्रशंसकों का भी आभार जताया। सुदामा/ईएमएस 21 मई 2026