वॉशिंगटन (ईएमएस)। दुनिया में एक पक्षी ऐसा भी है, जिसे देखकर पहली नजर में लोग डर जाते हैं। खतरनाक शक्ल वाले इस पक्षी की विशाल चोंच, भारी शरीर और घूरती आंखें लोगों को डरा देती हैं। हालांकि भयंकर रुप वाला यह पक्षी दुनिया के सबसे “मूर्ख पक्षियों” में गिना जाता है। इस अनोखे पक्षी का नाम शूबिल है। शूबिल मुख्य रूप से पूर्वी अफ्रीका के दलदली इलाकों में पाया जाता है। यह खासतौर पर इथियोपिया, दक्षिण सूडान और जाम्बिया जैसे देशों में देखा जाता है। कई लोग इसे बगुले या सारस की प्रजाति समझ लेते हैं, लेकिन वैज्ञानिकों के अनुसार इसका सबसे करीबी संबंध पेलिकन परिवार से माना जाता है। इसकी सबसे बड़ी पहचान इसकी जूते के आकार जैसी दिखाई देने वाली विशाल चोंच है, जिसके कारण इसे शूबिल नाम मिला। इसकी चोंच करीब एक फुट लंबी और पांच इंच तक चौड़ी हो सकती है। चोंच के किनारे बेहद तेज और मजबूत होते हैं, जिससे यह आसानी से अपने शिकार को पकड़ लेता है। शूबिल देखने में शांत दिखाई देता है, लेकिन यह बेहद खतरनाक शिकारी माना जाता है। इसका भोजन मुख्य रूप से मछलियां, सांप, ईल और दूसरे छोटे जीव होते हैं। कई बार यह मगरमच्छ के बच्चों और मॉनिटर छिपकली का भी शिकार कर लेता है। इसकी शिकार करने की शैली बाकी पक्षियों से अलग मानी जाती है। यह घंटों तक बिना हिले-डुले एक ही जगह खड़ा रह सकता है। वैज्ञानिक इस तकनीक को “कोलैप्सिंग” कहते हैं। जैसे ही कोई मछली या दूसरा जीव पानी की सतह के पास आता है, यह अचानक तेज हमला कर उसे पकड़ लेता है। इतना ताकतवर होने के बावजूद इसे “स्टूपिड बर्ड” यानी मूर्ख पक्षी कहा जाता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इसकी निर्णय लेने की क्षमता कमजोर होती है। कई बार इसके सामने खाना होने पर भी यह लंबे समय तक सोचता रहता है और तुरंत प्रतिक्रिया नहीं देता। इसकी कुछ अजीब आदतें भी इसे बाकी पक्षियों से अलग बनाती हैं। जब कोई इंसान इसके करीब आता है तो यह पंख फड़फड़ाने या सिर झुकाने जैसी हरकतें करता है, जिसे कुछ विशेषज्ञ इसका अभिवादन मानते हैं। इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर के अनुसार दुनिया में अब केवल 3,300 से 5,300 वयस्क शूबिल ही बचे हैं। सुदामा/ईएमएस 21 मई 2026