नर्मदापुरम (ईएमएस)। खरीफ वर्ष 2026 के लिए उर्वरकों के भंडारण, वितरण एवं आगामी रैक प्लान के संबंध में गुरुवार को कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार कार्यालय उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपसंचालक कृषि, उपायुक्त सहकारिता, जिला विपणन अधिकारी एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में जिले की उर्वरक उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त सहकारिता एवं बैंक प्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि जिले की सभी सहकारी समितियों में लगभग 7000 मे.टन यूरिया उर्वरक का भंडारण किया जा चुका है। साथ ही बैंक एवं समितियों की ओर से विभागीय सहायक विस्तार अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि समितियों में फास्फेटिक उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित कर कृषकों को वितरण कराया जाए। समितियों को शीघ्र आर.ओ. एवं डीडी. जमा कर फास्फेटिक उर्वरक उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं। उपसंचालक कृषि ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी किसान अपना रकबा एग्रीस्टेक पोर्टल पर दर्ज कराकर ई-विकास प्रणाली के माध्यम से टोकन जनरेट कर उर्वरक का क्रय करें। उन्होंने कहा कि उर्वरकों की दरों अथवा कालाबाजारी संबंधी किसी भी शिकायत की स्थिति में तत्काल संबंधित विकासखंड के कृषि विस्तार अधिकारी को सूचित करें। जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी डबल लॉक केंद्रों पर यूरिया, टीएसपी, एसएसपी एवं एनपीके उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसानों से अनुरोध किया गया है कि आगामी खरीफ फसलों हेतु उर्वरकों का उठाव समय रहते कर लें, जिससे बाद में नेटवर्क अथवा पोर्टल संबंधी समस्याओं एवं भीड़ से बचा जा सके। साथ ही गोदामों में अतिरिक्त उर्वरक भंडारण के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा। ईएमएस / 21/05/2026