प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश ग्वालियर ( ईएमएस ) | प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए आमजनों के लिये पेयजल के पुख्ता प्रबंधन किए जाएं। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में नागरिकों को पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा है कि नागरिकों के साथ-साथ पशुधन को भी गर्मी के मौसम में पानी उपलब्ध हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सभी हैंडपंप चालू हालत में रहें, इसकी भी मॉनीटरिंग की जाए। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान मुरार सर्किट हाउस में प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम के अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने पेयजल प्रबंधन के साथ-साथ जनहित के अनेक मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया के साथ ही संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, आईजी ग्वालियर अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी ग्वालियर असित यादव, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह रावत, डीन मेडीकल कॉलेज डॉ. आर के एस धाकड़, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव उपस्थित थे। प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने पर्यावरण संरक्षण के लिये वृहद वृक्षारोपण की शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में अभी से तैयारी करने की बात भी कही। उन्होंने यह भी कहा कि ग्वालियर जिले की पहाड़ियों को भी चयनित कर उन्हें हरा-भरा बनाने का अभियान सभी के सहयोग से हाथ में लिया जाए। वृक्षारोपण में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता हो, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने सीवर संधारण कार्य की समीक्षा के दौरान कहा है कि बरसात से पूर्व सभी नालों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जाए। बरसात के दौरान कहीं पर भी जल भराव की स्थिति न हो। गत वर्षों में जहां भी जल भराव की स्थिति आई हो वहां पर समय रहते सभी प्रबंधन किए जाएं। एलीवेटेड रोड निर्माण के कारण स्वर्ण रेखा में जो मिट्टी जमा है उसको हटाने का कार्य निर्धारित समय-सीमा में किया जाए ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न आए। जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा है कि शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में जल संरक्षण के कार्य हाथ में लिए जाएं। इस अभियान को जन आंदोलन के रूप में जिले में संचालित किया जाए। बरसात से पूर्व सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और हॉस्टलों में व्यवस्थायें करें बेहतर प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि बरसात से पूर्व जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्कूलों और हॉस्टलों में सभी मूलभूत सुविधायें बेहतर की जाएं। जिन भवनों में मरम्मत की आवश्यकता है वहां पर मरम्मत का कार्य भी हाथ में लिया जाए ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा है कि सभी संस्थाओं में पेयजल, प्रकाश एवं आवश्यक सुविधायें उपलब्ध हों यह सुनिश्चित किया जाए। यातायात प्रबंधन के लिये किए जाएं विशेष प्रयास प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि आम नागरिकों को बेहतर यातायात व्यवस्था मिले इसके पुख्ता प्रबंधन किए जाना चाहिए। ग्वालियर में बेहतर यातायात के लिये सभी विभाग संयुक्त रूप से प्रयास करें, ताकि यातायात बेहतर हो सके। इसके लिये एक संयुक्त बैठक भी आयोजित की जाए। यातायात में बाधक सभी अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी सख्ती के साथ की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध हो दण्डात्मक कार्रवाई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि नशा करके वाहन चलाने वालों के विरूद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही परिवहन विभाग के माध्यम से ऐसे वाहन चालकों के लायसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी कराई जाए। यातायात प्रबंधन के लिये पुलिस विभाग एवं नगर निगम के माध्यम से भी जो आवश्यक कार्रवाई हो, वह अवश्य की जाए। विकास कार्य समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने समीक्षा के दौरान यह भी निर्देश दिए हैं कि जिले में संचालित विकास के कार्य निर्धारित समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ हों, यह भी सुनिश्चित किया जाए। सड़कों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। जहां भी सड़कें खराब हैं वहां पर सुधार का कार्य तत्परता से किया जाए। इन बिंदुओं पर भी हुई चर्चा प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट द्वारा समीक्षा बैठक में इन बिंदुओं पर भी विस्तार से समीक्षा की गई – • एलीवेटेड रोड निर्माण फेस-1 व 2 • आगरा ग्वालियर एक्सप्रेस-वे । • ग्वालियर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास । • शासकीय प्रेस का नवीनीकरण। • अम्बेडकर स्मारक । • सड़कों की मरम्मत । • अंतर्राष्ट्रीय बस टर्मिनल । • स्वच्छता अभियान । • कानून व्यवस्था । • प्राचीन बावड़ियों का जीर्णोद्धार । • द्वारिका योजना की समीक्षा । बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से अपनी बात रखी गई।