(हाथरस (ईएमएस)। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपदवासियों को भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा सचेत ऐप के माध्यम से जारी अलर्ट के अनुसार जनपद का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने की संभावना है।जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपने मोबाइल में प्ले स्टोर से “सचेत ऐप” डाउनलोड करने की अपील की, ताकि मौसम विभाग द्वारा जारी तापमान, हीट वेव और मौसम संबंधी अलर्ट समय-समय पर प्राप्त होते रहें।उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए जहां तक संभव हो घर के अंदर रहें और दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें। हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें।जिलाधिकारी ने लोगों को लस्सी, छाछ, मट्ठा, बेल का शर्बत, नींबू पानी और आम का पना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने बासी भोजन और मादक पदार्थों से दूर रहने को कहा।एडवाइजरी में बताया गया कि लू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, गर्म और शुष्क त्वचा, पसीना न आना, सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी, कमजोरी, तेज सांस चलना और भ्रम की स्थिति शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है।जिलाधिकारी ने वृद्धजनों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और श्रमिकों का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों और पालतू जानवरों को कभी भी बंद वाहन में अकेला न छोड़ें। पशुओं के लिए छायादार स्थान और पर्याप्त पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।उन्होंने नियोक्ताओं से भी अपील की कि श्रमिकों के लिए कार्यस्थल पर ठंडे पेयजल की व्यवस्था करें तथा अत्यधिक श्रम वाले कार्य सुबह या शाम के समय कराएं।जिलाधिकारी ने कहा कि सतर्कता और सावधानी ही भीषण गर्मी एवं लू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 21 मई 2026