--आढ़तिया एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल ज्ञापन देते हुए हाथरस (ईएमएस)। मंडी समिति में आढ़ती के यहां हुई चोरी के खुलासे एवं मंडी परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर आढ़तिया एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र से मुलाकात कर समस्याओं के समाधान की मांग की।प्रतिनिधिमंडल ने ओसी कलेक्ट्रेट लवलीत कौर को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि मंडी समिति स्थित फर्म अरुण कुमार योगेश कुमार, दुकान संख्या सी-20 पर 6 मई 2026 को दिनदहाड़े चोरी की घटना हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इससे व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।आढ़तियों ने आरोप लगाया कि घटना के समय मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे। इसके अलावा मंडी परिसर में टूटी सड़कें, क्षतिग्रस्त टीन शेड, खराब फर्श, अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, जल व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। कई बार शिकायतों और पत्राचार के बावजूद मंडी प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मंडी में प्लेटफार्म पर लगे टीन शेड महीनों से खुले पड़े हैं। बाजरा और मक्का का सीजन शुरू होने वाला है, ऐसे में बारिश होने पर किसानों और व्यापारियों का माल भीगने से लाखों रुपये का नुकसान हो सकता है। आरोप लगाया गया कि संबंधित ठेकेदार महीनों से काम अधूरा छोड़कर गायब है।आढ़तियों ने चोरी के शीघ्र खुलासे और मंडी की अव्यवस्थाओं के तत्काल समाधान की मांग की। इस पर अपर जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र ने संबंधित अधिकारियों को फोन पर शीघ्र कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।प्रतिनिधिमंडल में उमाशंकर वार्ष्णेय, प्रवीन वार्ष्णेय, नरेंद्र बंसल, सौरभ अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, अमित अग्रवाल एवं दीपक अग्रवाल सहित अन्य लोग शामिल रहे। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 21 मई 2026