खेल
21-May-2026
...


:: बड़ा उलटफेर : शीर्ष वरीयता प्राप्त सेजल जाधव को इवाना ने सीधे सेटों में हराया, आज शाम को होंगे फाइनल मैच :: इंदौर (ईएमएस)। मप्र टेनिस संघ द्वारा आयोजित तथा पाथ फाउंडेशन व मोयरा सरिया द्वारा प्रायोजित पुनित मेमोरियल एशियन जूनियर अंडर-12 इंदौर ओपन टेनिस टूर्नामेंट अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। इंदौर टेनिस क्लब में खेली जा रही इस प्रतिष्ठित स्पर्धा के सेमीफाइनल मुकाबलों में इवाना अरोरा, पी. चटर्जी, आरुष खन्ना व तारुष बीसी ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। टूर्नामेंट के सभी खिताबी मुकाबले शुक्रवार शाम 4:30 बजे से खेले जाएंगे। बालिका एकल वर्ग के पहले सेमीफाइनल में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। गैर वरीय इवाना अरोरा ने शानदार खेल दिखाते हुए शीर्ष वरीयता प्राप्त सेजल जाधव को सीधे सेटों में 6-0, 6-1 से शिकस्त दी। तेज धूप के बावजूद इवाना ने गजब की लय दिखाई और पहले सेट में सेजल को एक भी गेम नहीं जीतने दिया। दूसरे सेट में भी सेजल महज एक गेम ही बचा सकीं। अब फाइनल में इवाना का सामना छठी वरीयता प्राप्त पी. चटर्जी से होगा। चटर्जी ने दूसरे सेमीफाइनल में बी. जयप्रकाश को कड़े संघर्ष में 7-5, 6-3 से मात दी। पहले सेट में दोनों के बीच हर एक अंक के लिए जोरदार टक्कर हुई, लेकिन चटर्जी ने आखिरी पलों में लगातार दो गेम जीतकर सेट अपने नाम किया और दूसरे सेट में भी दबदबा बनाए रखा। :: आरुष को मिली मैराथन जीत, तारुष ने खेला एकतरफा मैच :: बालक एकल वर्ग के पहले सेमीफाइनल में आरुष खन्ना ने श्लोक अलांद को एक मैराथन मुकाबले में 7-6(5), 6-2 से हराया। पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों ने अपनी सर्विस बचाए रखी, जिससे मुकाबला टाईब्रेकर में पहुंचा, जहां आरुष ने बाजी मारी। दूसरे सेट में आरुष ने एकतरफा खेल दिखाया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में तारुष बीसी ने भौमिक पुजाला को बेहद आसानी से 6-0, 6-0 से मात देकर फाइनल का टिकट कटाया। :: युगल वर्ग के फाइनल भी आज :: बालक युगल वर्ग के सेमीफाइनल में बड़ा उलटफेर हुआ, जहां चौथी वरीयता प्राप्त के. रघुवंशी व अथर्व चावड़ा ने शीर्ष वरीयता प्राप्त आरुष खन्ना व अद्विक खन्ना को 6-4, 0-6, 10-6 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे मैच में श्लोक अलांद व तनुष बीसी ने दूसरी वरीयता प्राप्त ओजस मिश्री व ए. उपाध्याय को 6-0, 6-2 से मात दी। दूसरी ओर, बालिका युगल का खिताबी मुकाबला शीर्ष वरीयता प्राप्त सेजल जाधव व शुभी रंजन और दूसरी वरीयता प्राप्त इवाना अरोरा व पी. चटर्जी के बीच होगा। सेमीफाइनल में सेजल व शुभी ने रीतिका पटेल व जोहाना सचिन को 6-3, 6-3 से और इवाना व चटर्जी ने अमायरा गुप्ता व रितिषा नेहे को 6-0, 6-2 से पराजित किया। प्रकाश/21 मई 2026