:: सिख प्रीमियर लीग में रोमांचक मुकाबले, इंदरदीप धालीवाल बने मैन ऑफ द मैच :: इंदौर (ईएमएस)। विष्णुपुरी के सचखंड मार्ग स्थित श्री गुरु अरजन देव जी खेल मैदान पर खेली जा रही चढ़दी कला ट्रॉफी सिख प्रीमियर लीग क्रिकेट स्पर्धा में प्रतिदिन रोमांच से भरे मुकाबले हो रहे हैं। मैदान पर हजारों की संख्या में पहुंच रहे दर्शकों की दाद खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रही है। स्पर्धा के चौथे दिन खेले गए मुकाबलों में सिंह ब्रदर्स ने सिख टाइटंस को एक बेहद रोमांचक मैच में 6 विकेट से मात दी। सिंह ब्रदर्स की इस जीत में इंदरदीप सिंह ने संकट के समय उम्दा पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। चौथे दिन के पहले मुकाबले में सिख टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 8 विकेट खोकर 77 रन बनाए। टीम की ओर से परमवीर सिंह ने 28 और गगनदीप विरदी ने 15 रनों का योगदान दिया। सिंह ब्रदर्स के गेंदबाज दीपप्रीत सिंह ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। जवाब में 78 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंह ब्रदर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन इंदरदीप सिंह ने एक छोर थामे रखा। उन्होंने मात्र 17 गेंदों में 3 छक्के और 3 चौकों की मदद से 34 रनों की आतिशी पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। मैच में इशप्रीत सिंह भाटिया और दीपप्रीत सिंह ने भी 14-14 रनों का उपयोगी योगदान दिया। सिख टाइटंस की ओर से गगनदीप विरदी व मुखमीत सिंह ने 2-2 विकेट लिए। इंदरदीप सिंह धालीवाल को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। :: जुनेल की धमाकेदार पारी से सरबत दा बल्ला जीता :: स्पर्धा के एक अन्य मुकाबले में जुनेल एम. की धमाकेदार 60 रनों की पारी की बदौलत सरबत दा बल्ला की टीम ने आईडियल वारियर्स पर 46 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए सरबत दा बल्ला की टीम ने 8 ओवर में 1 विकेट पर 85 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। जवाब में आईडियल वारियर्स की टीम दबाव में बिखर गई और निर्धारित ओवरों में महज 39 रन ही बना सकी। मुकाबलों के दौरान मुख्य अतिथि अमरजीत सिंह बग्गा, प्रीतपाल सिंह भाटिया, कैलाश पिपले, वकील पठान, जसबीर सिंह गांधी, रवि तोमर, महेश बसवाल, राजेश उदावत, महेश जोशी, रवि जैन, जितेंद्र जैन और काशी सचान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों का स्वागत हरपाल सिंह भाटिया, चरणजीत सिंह सैनी, हरप्रीत सिंह बक्शी, अमरजीत सिंह भाटिया और सुखजिंदर चहल ने किया। प्रकाश/21 मई 2026