पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ई-रिक्शा से पहुंचीं उद्घाटन स्थल, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश हाथरस (ईएमएस)। नगर पालिका परिषद हाथरस द्वारा मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत वार्ड संख्या-16 स्थित पुलिस लाइन परिसर के पार्क में आधुनिक ओपन जिम का लोकार्पण पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी द्वारा किया गया। ओपन जिम के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इसे स्वास्थ्य एवं फिटनेस की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।कार्यक्रम के दौरान एक विशेष संदेश भी देखने को मिला, जब पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं पेट्रोल-डीजल बचत के आह्वान को आत्मसात करते हुए ई-रिक्शा से उद्घाटन स्थल पहुंचीं। उनकी यह पहल पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता का प्रेरणादायी संदेश बनी।पालिका अध्यक्ष ने कहा कि ओपन जिम का उद्देश्य नगरवासियों को बिना किसी आर्थिक बोझ के स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करना है, ताकि नागरिक शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें। उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के तहत ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं। पुलिस लाइन क्षेत्र में स्थापित यह पहला ओपन जिम स्थानीय लोगों के लिए विशेष सौगात है।उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास मंत्री ए के शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकास एवं जनहित की योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। साथ ही जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा तथा नगर पालिका परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों का भी सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, शरद माहेश्वरी, विवेक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सभासद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।नगरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में शहर में विकास कार्यों को नई दिशा मिल रही है और ओपन जिम जैसी सुविधाएं लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 21 मई 2026