पीडि़त महिला का आरोप—साथ रखने के बाद अब दूसरी युवती से शादी की तैयारी बालाघाट (ईएमएस). जिले के कटंगी थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला से 10 साल तक दैहिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी साजिद खान को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी का सीन ऑफ क्राइम के तहत पैदल जुलूस भी निकाला। कटंगी थाना क्षेत्र के उमरी निवासी साजिद खान पर 41 वर्षीय विधवा महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीडि़ता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर करीब 10 वर्षों तक अपने साथ रखा और इस दौरान उसका लगातार दैहिक शोषण किया। महिला का आरोप है कि अब आरोपी उसे छोडकऱ किसी अन्य युवती को अपने जाल में फंसाकर उससे शादी करने की तैयारी कर रहा है। इतना ही नहीं, पीडि़ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी जमीन-जायदाद और अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम की कार्रवाई के तहत आरोपी साजिद खान का कटंगी क्षेत्र में पैदल जुलूस भी निकाला, जिससे क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना रहा। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और पीडि़ता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी। भानेश साकुरे / 21 मई 2026