बालाघाट (ईएमएस). भारतीय डाक विभाग के अधीक्षक डाकघर कार्यालय, बालाघाट संभाग द्वारा जिलेवासियों की सुविधा के लिए 25 व 26 मई को विशेष आधार पंजीयन एवं अपडेशन अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत बालाघाट संभाग के डाकघरों में संचालित आधार सेवा केन्द्रों पर नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेशन, मोबाइल नंबर एवं ईमेल लिंकिंग सहित विभिन्न सेवाएं प्रदान की जाएंगी। अभियान के लिए 22 एवं 23 मई को टोकन वितरण किया जाएगा। विशेष अभियान के दौरान सभी आधार सेवा केन्द्र सुबह 8 से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे। डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम डाकघर आधार केन्द्र पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। बालाघाट संभाग अंतर्गत बालाघाट जिले के बालाघाट प्रधान डाकघर सहित भरवेली, मलाजखंड, लालबर्रा, उकवा, रामपायली, बैहर, लांजी, किरनापुर, तिरोड़ी एवं कटंगी उपडाकघरों में यह अभियान संचालित किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए नागरिक अधीक्षक डाकघर कार्यालय, बालाघाट संभाग, बालाघाट से संपर्क कर सकते हैं। भानेश साकुरे / 21 मई 2026