क्षेत्रीय
21-May-2026
...


छात्र-छात्राओं का फूटा गुस्सा, एसपी को सौंपा ज्ञापन 3 वर्ष का कोर्स 8-9 साल में पूरा होने का सता रहा डर बालाघाट (ईएमएस). जिले के सरदार पटेल विश्वविद्यालय से संबद्ध जीएनएम के छात्र-छात्राओं के भविष्य से प्रबंधन द्वारा खिलवाड़ किया जा रहा है। परीक्षा को एक वर्ष बीतने के बाद भी न तो परिणाम घोषित किया गया है और न ही छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने ‘सरकार की समस्या’ कहकर अपना पलड़ा झाड़ लिया है। लंबित परिणाम और छात्रवृत्ति जैसी समस्याओं को लेकर छात्राओं ने एसपी को ज्ञापन सौंपा है। छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण उनका भविष्य अधर में लटक गया है। छात्र-छात्राओं ने बताया कि परिणाम लंबित होने के कारण वे न तो द्वितीय वर्ष की पढ़ाई आगे बढ़ा पा रहे हैं और न ही परीक्षा दे पा रहे हैं। वहीं छात्रवृत्ति पोर्टल पर नाम अपडेट न होने से उन्हें आर्थिक सहायता से भी वंचित होना पड़ रहा है। बावजूद इसके विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रबंधन इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। प्रबंधन की इस गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण अब विद्यार्थियों को परेशान होना पड़ रहा है। छात्रों से करते हैं असम्मानजनक व्यवहार विद्यार्थियों का आरोप है कि जब वे इस संबंध में अपने कॉलेज या डायरेक्टर से संपर्क करते हैं तो उन्हें सरकार की समस्या बताकर टाल दिया जाता है। कई स्थानों पर विद्यार्थियों के साथ असम्मानजनक व्यवहार भी किया जा रहा है, जिससे उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समय पर परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने और कोर्स को अधिक समय लगने के कारण उन्हें काफी परेशान होना पड़ रहा है। करियर, भविष्य के साथ हो रहा अन्याय छात्रों ने कहा कि जीएनएम जैसे 3 वर्षीय कोर्स को प्रशासनिक लापरवाही के चलते 8-9 वर्ष में पूरा करना पड़ेगा, जो उनके करियर और भविष्य के साथ सीधा अन्याय है। इससे उनकी आयु, नौकरी के अवसर और आगे की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, इसके लिए जिम्मेदार कौन होगा? शीघ्र परिणाम घोषित करने की मांग ज्ञापन के माध्यम से विद्यार्थियों ने मांग की है कि प्रथम वर्ष का परिणाम तत्काल घोषित किया जाए, द्वितीय वर्ष की परीक्षा शीघ्र आयोजित की जाए और सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाए। साथ ही इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठाई गई है। समस्या का नहीं हुआ समाधान तो करेंगे आंदोलन-सौरभ ओबीसी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ लोधी ने बताया कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। बावजूद इसके न तो विश्वविद्यालय और न ही कॉलेज प्रबंधन पर कोई कार्यवाही हो रही है। इसके पूर्व नर्सिंग व बीएचएमएस के विद्यार्थियों के परमानेंट रजिस्ट्रेशन का मामला भी प्रकाश में आया था, जिसके खिलाफ बालाघाट से लेकर भोपाल तक संघर्ष किया गया, जिसके बाद नर्सिंग छात्रों का परमानेंट रजिस्ट्रेशन प्रारंभ हुआ है। अब वहीं जीएनएम के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने और छात्रवृत्ति नहीं मिलने की समस्या सामने आई है। यदि विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रबंधन द्वारा इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया जाता है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। भानेश साकुरे / 21 मई 2026