बालाघाट (ईएमएस). आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को आबकारी वृत्त वारासिवनी की टीम ने ग्राम कटोरी में दबिश देकर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की। कार्यवाही के दौरान आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क/च के तहत 2 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए हैं। टीम द्वारा जंगल क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए 35 लीटर अवैध हाथ भट्टी महुआ की कच्ची शराब एवं लगभग 750 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। आबकारी विभाग द्वारा बरामद महुआ लाहन में से नमूने लेकर शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 80 हजार रुपये बताया गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि महुआ की कच्ची शराब अवैधानिक एवं अमानक तरीके से तैयार की जाती है, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। भानेश साकुरे / 21 मई 2026