क्षेत्रीय
21-May-2026


बालाघाट (ईएमएस). जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन, निगरानी एवं प्रबंधन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष इकाई का गठन किया गया है। इस विशेष इकाई के अध्यक्ष कलेक्टर मृणाल मीना होंगे, जबकि विभिन्न विभागों के 11 प्रशासनिक अधिकारियों को इस इकाई में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। गठित विशेष इकाई जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत जारी दिशा-निर्देशों के पालन की निगरानी करेगी। साथ ही नियमों की अवहेलना, उल्लंघन अथवा निर्देशों की अनदेखी करने वाले भारी मात्रा में अपशिष्ट उत्पन्न करने वाले संस्थानों एवं इकाइयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी की जा सकेगी। आवश्यक होने पर ऐसी इकाइयों की जल एवं विद्युत आपूर्ति बाधित करने के निर्देश जारी करने का अधिकार भी इस विशेष इकाई को दिया गया है। विशेष इकाई द्वारा जिले के डंपिंग स्थलों का वर्चुअल निरीक्षण किया जाएगा तथा प्रत्येक पखवाड़े प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित विभागीय सचिव को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा शासन द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों के पालन को सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी भी इस इकाई के पास होगी। जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सकेगा तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। भानेश साकुरे / 21 मई 2026