राज्य
23-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारतीय न्यायपालिका का मान बढ़ाते हुए, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय इन्दौर खंडपीठ के प्रशासनिक न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला को लंदन स्थित ब्रिटिश संसद में आयोजित एक भव्य समारोह में वैश्विक सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान दुनिया की प्रतिष्ठित संस्था वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यूके द्वारा उनके उत्कृष्ट न्यायिक योगदान और समाज के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए दिया गया। समारोह के दौरान न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स का आधिकारिक सम्मान पत्र (Certificate of Recognition) भेंट किया गया। इस गौरवशाली क्षण के दौरान ब्रिटिश संसद परिसर भारत माता के जयकारों और गणमान्य अतिथियों की करतल ध्वनि से गुंजायमान हो उठा। समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित अतिथियों में शामिल थे लॉर्ड रेमी रेंजर, ब्रिटिश संसद के उच्च सदन (House of Lords) के माननीय सदस्य, महेंद्रसिंह जाडेजा दादा: यूनाइटेड किंगडम के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं अंतरराष्ट्रीय एनआरआई (NRI) समन्वयक तथा बैरिस्टर सुशील गायकवाड़ यूके सुप्रीम कोर्ट के प्रतिष्ठित सॉलिसिटर। वहीं समारोह में न्यायमूर्ति शुक्ला के परिवारजन, जिनमें श्रीमती चंद्रिका विजय कुमार शुक्ला और सुजॉय विजय कुमार शुक्ला सहित ब्रिटेन और भारत के कई नीति-निर्माता, राजनयिक और विशिष्ट हस्तियाँ उपस्थित रहीं। समारोह को संबोधित करते हुए ब्रिटिश संसद के सदस्यों और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के पदाधिकारियों ने न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला के लंबे और निष्पक्ष न्यायिक करियर की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय न्यायपालिका की साख पूरी दुनिया में मजबूत है और न्यायमूर्ति शुक्ला जैसे कर्मठ कानूनविदों का वैश्विक मंच पर सम्मानित होना दोनों देशों के सांस्कृतिक और कानूनी संबंधों को और प्रगाढ़ बनाता है। इस सम्मान पर मध्य प्रदेश के न्यायिक जगत, विधि विशेषज्ञों और प्रबुद्धजनों ने न्यायमूर्ति शुक्ला को बधाई देते हुए इसे पूरे प्रदेश और देश के लिए अत्यंत गौरव का विषय बताया है। आनंद पुरोहित/ 23 मई 2026