नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली में शास्त्री पार्क फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया गया कि लकड़ी और फर्नीचर का सामान अधिक होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की टीम करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इसी बात को लेकर गुस्साए लोगों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि नाराज लोगों ने दमकल विभाग के एक वाहन पर पथराव भी किया, जिससे गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को शांत कराया। आग बुझाने के लिए दमकल की 10 गाड़िया मौके पर पहुंचीं। तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू आया। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं है। आग में पूरी मार्केट जलकर खाक हो गई। यहां तहबाजारी की करीब 100 दुकानें हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/23/ मई/2026