ज़रा हटके
25-May-2026
...


-1500 पाउंड वजनी इस भैंसे के हैं सुनहरे बाल, कुर्बानी के लिए 3 लाख में बिका नई दिल्ली,(ईएमएस)। बांग्लादेश का एक भैंसा सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। वजह है उसका नाम और उसकी हेयरस्टाइल। लोग उसकी तुलना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लुक से कर रहे हैं। बांग्लादेश में बकरीद की तैयारियां जोरों पर हैं, ऐसे में इस भैंसे की भी कुर्बानी दी जानी है। करीब 1500 पाउंड वजनी इस भैंसे को देखने लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं। यह भैंसा जिया उद्दीन मृधा नाम के किसान के फार्म में रहता है, जो ढाका के पास स्थित है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भैंसे के मालिक जिया उद्दीन ने बताया कि उसके सुनहरे और आगे की ओर झुके बालों की वजह से उनके भाई ने मजाक में उसका नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप’ रखा था। धीरे-धीरे यह नाम इतना लोकप्रिय हो गया कि लोग खास तौर पर उसी नाम से उसे देखने आने लगे। उन्होंने बताया कि एक बार पांच दोस्तों का समूह फार्म पर आया था। उन्होंने कहा कि भैंसे की शक्ल और हेयरस्टाइल बिल्कुल डोनाल्ड ट्रंप जैसी लगती है। इसके बाद सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो गए। ईरान ने सोशल मीडिया एक्स पर बांग्लादेश के उस वायरल अल्बिनो भैंसे को लेकर तंज कसा है। पोस्ट में लिखा कि बेचारा! डोनाल्ड ट्रंप से तुलना होने के बाद बांग्लादेशी भैंसा परेशान हो गया। हालांकि, इंटरनेट पर मशहूर हो चुके इस भैंसे की जिंदगी अब ज्यादा दिन की नहीं बची है। ईद-उल-अजहा के मौके पर इसकी कुर्बानी दी जाएगी। बांग्लादेश में हर साल ईद-उल-अजहा पर लाखों जानवरों की कुर्बानी दी जाती है और इस बार डोनाल्ड ट्रंप भैंसा भी उन्हीं में शामिल होगा। भैंसे के मालिक ने बताया कि पिछले एक साल से वह खुद उसकी देखभाल कर रहे हैं और उससे उनका खास लगाव है। उन्होंने कहा कि मैं डोनाल्ड ट्रंप को मिस करूंगा, लेकिन कुर्बानी ही ईद-उल-अजहा की असली भावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह भैंसा पहले ही बिक चुका है। इसकी कीमत 550 टका प्रति किलो तय की गई थी। कुल कीमत करीब 3.5 से 3.85 लाख टका बताई जा रही है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 2.5 से 3 लाख रुपए के बराबर है। इसे ढाका के जिंजिरा इलाके के मोहम्मद शोरन ने खरीदा है। दिलचस्प बात यह है कि इस फार्म में सिर्फ डोनाल्ड ट्रंप ही नहीं, बल्कि कई और जानवर भी अपने अनोखे नामों की वजह से चर्चा में हैं। यहां एक आक्रामक बैल का नाम तूफान है, जबकि एक बेहद भारी-भरकम जानवर को फैट बॉय कहा जाता है। वहीं, एक शांत स्वभाव वाले जानवर का नाम स्वीट बॉय है। फार्म में एक और सुनहरे बालों वाला बैल भी है, जिसका नाम ब्राजील के फुटबॉलर नेमार के नाम पर रखा है, क्योंकि उसके बाल भी ब्लीच किए हुए सुनहरे दिखते हैं। वहीं एक भैंसे का नाम नेतन्याहू है। सोशल मीडिया पर अब यह पूरा फार्म लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और डोनाल्ड ट्रंप नाम का यह भैंसा इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है। सिराज/ईएमएस 25मई26