राज्य
25-May-2026


- अवैध कब्जों, दागदार प्रबंधकों और वक्फ माफिया के खिलाफ अभियान भोपाल (ईएमएस)। नया वक्फ संशोधन कानून लागू होने के बाद मप्र वक्फ बोर्ड ने अवैध कब्जों दागदार प्रबंधकों और वक्फ माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया। बोर्ड ने वक्फ संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ 41 करोड़ से ज्यादा के वसूली नोटिस जारी हुए। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल के मुताबिक मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देशन में शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में भी तेजी से काम हुए हैं। 1552 विद्यार्थियों को स्कूल ड्रॉप आउट होने से बचाने के लिए आर्थिक सहायता दी गई है। मुख्यमंत्री आज भोपाल के 849 मेधावी विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप देकर सम्मानित करेंगे। हर जिले में छात्रवृत्ति दी जाएगी। गौरतलब है कि नए वक्फ कानून से मप्र वक्फ बोर्ड को कई कानूनी शक्तियां प्राप्त हुई हैं। जिसका इस्तेमाल करते हुए बोर्ड ने बीते कुछ महीनों में अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाते हुए उनसे वसूली की कार्रवाई शुरू की है। मप्र वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनव्वर पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मप्र वक्फ बोर्ड ने नवीन वक्फ अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन से वक्फ संपत्तियों के संरक्षण, पारदर्शी प्रबंधन और जनहित में उनका उपयोग सुनिश्चित करने के लिए ऐतिहासिक और प्रभावी कार्रवाई की है। वक्फ बोर्ड की संपत्तियों से वर्षों से अवैध कब्जाधारियों को हटाया गया और भौतिक सत्यापन के बाद जरुरतमंद लोगों को संपत्ति के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया गया। बोर्ड की आय कैसे बढ़े इस पर अन्य राज्यों की वफ्फ समितियां से चर्चा कर, राजस्व बढ़ाने के लिए कार्य किया गया। भारत सरकार द्वारा वक्फ संपतियों का लेखा-जोखा उम्मीद पोर्टल पर दर्ज कराने में मप्र वक्फ बोर्ड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। परिणामस्वरूप मप्र वक्फ बोर्ड को स्कॉच अवार्ड से नवाजा गया। वक्फ संपत्ति को हानि पहुंचाने वाले प्रबंधकों पर कार्रवाई नए कानून के तहत प्रदेश में वक्फ माफिया, दागदार प्रबंधकों और अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध कठोर अभियान चलाया गया। वक्फ संपत्ति को हानि पहुंचाने वाले प्रबंधकों के विरुद्ध कुल 41 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली के लिए आरआरसी/वसूली नोटिस जारी किए गए और वसूली की कार्यवाही भी की गई। वक्फ यतीमखाना शाहजहांनी, भोपाल के प्रबंधक को 28 करोड़ 96 लाख रुपये का वसूली नोटिस जारी किया गया, जो देश के वक्फ इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा वसूली नोटिस माना जा रहा है। वक्फ मदर गेट उज्जैन के प्रबंधन के विरुद्ध 7 करोड़ 21 लाख रुपये की वसूली के लिए कार्रवाई की गई। वक्फ जामा मस्जिद, बीना बजरिया सागर के प्रबंधकों के विरुद्ध 1 करोड़ 84 लाख रुपये की वसूली का नोटिस जारी कर कार्यवाही की गई। वक्फ बड़वाली चौकी, इंदौर प्रकरण में 1 करोड़ 24 लाख रुपये की वसूली की कार्रवाई की गई। वक्फ हिंदू अनाथालय भोपाल के प्रबंधन पर 1 करोड़ 5 लाख की वसूली को आरआरसी जारी की गई। वक्फ अंजुमन इस्लामिया, जबलपुर के पूर्व अध्यक्ष प्यारे साहब द्वारा वक्फ को पहुंचाई गई 81 लाख 43 हजार रुपये की हानि की वसूली के लिए भी नोटिस जारी किया गया। इससे स्पष्ट है कि नवीन वक्फ बोर्ड वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है। विनोद / 25 मई 26