राज्य
25-May-2026


भोपाल,/धार (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के धार जिले के सेमालदा गांव में नर्मदा नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से दो गहरे पानी में उतरे तो लापता हो गए जबकि अन्य दो सुरक्षित बचा लिया। धार जिले में नर्मदा नदी में नहाने गए ये सभी युवक कोटपुतली, राजस्थान के रहने वाले थे और एक सीमेंट कंपनी में काम करते थे। पुलिस के मुताबिक पूरन (40) और दिनेश (34) अब भी लापता बताए जा रहे हैं जबकि मनोज यादव और नवीन योगी को सुरक्षित बचा लिया। यह घटना रविवार शाम की बताई गई है। मीडिया के मुताबिक चारों दोस्त मनावर क्षेत्र के टोंकी गांव स्थित सीमेंट कंपनी में काम करते थे और छुट्टी के दिन नर्मदा नदी में नहाने गए थे। रविवार शाम 5 बजे चारों नदी में उतरे लेकिन नहाते समय वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नाविकों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और दो युवकों को बाहर निकाला, लेकिन दो का कोई पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर मनावर पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय नाविकों की टीमें देर शाम तक नावों की मदद से खोज अभियान चलाती रहीं। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और सीमेंट कंपनी के कर्मचारी भी मौजूद थे। सिराज/ईएमएस 25मई26