- मारपीट के आरोप कोतवाली पहुंचा मामला, पुरानी समिति पर भ्रष्टाचार और दबंगई के आरोप गुना (ईएमएस)। शहर के बूढ़े बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर विवाद गहरा गया है। मंदिर की नवगठित समिति द्वारा नियुक्त किए गए पुजारी सुरेश शर्मा के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुजारी नवीन समिति के पदाधिकारियों के साथ सिटी कोतवाली पहुंचे और शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुजारी सुरेश शर्मा ने बताया कि वह पूर्व में भी बूढ़े बालाजी मंदिर में पूजा-पाठ कर चुके हैं। 24 जून को नवगठित समिति द्वारा उन्हें विधिवत नियुक्ति पत्र देकर मंदिर का पुजारी नियुक्त किया गया था। नियुक्ति के बाद जब वह मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो पुरानी समिति के अध्यक्ष गजानंद अवस्थी ने उन्हें रोक दिया। आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौंच करते हुए गर्दन पकड़कर मंदिर से बाहर निकाल दिया गया और पूजा नहीं करने दी गई। सुरेश शर्मा ने आरोप लगाया कि मंदिर में लंबे समय से व्यवस्थाएं विवादों में रही हैं। मंदिर की संपत्तियों और दुकानों को लेकर भी कई शिकायतें प्रशासन तक पहुंच चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में पेड़ कटाई और आर्थिक अनियमितताओं की शिकायतें पहले भी एसडीएम कार्यालय में की जा चुकी हैं। वहीं नवीन समिति के सचिव रामकृष्ण श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि मंदिर के पुराने पदाधिकारियों और पुजारी परिवार द्वारा लंबे समय से मनमानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि 12 मार्च को मंदिर परिसर की दुकानों के ताले तोड़े गए थे, जिसका वीडियो भी उनके पास मौजूद है। उस मामले में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। श्रीवास्तव ने बताया कि नई समिति द्वारा विधिवत निर्णय लेकर नए पुजारी की नियुक्ति की गई थी, लेकिन जब उन्हें पूजा के लिए भेजा गया तो अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और चौकीदार द्वारा उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर की दुकानों के किराए और आवंटन में भी गड़बड़ियां हुई हैं। कई दुकानों को अपने करीबी लोगों को दे दिया गया है। मामले को लेकर नई समिति ने पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर कार्यालय में भी शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। - सीताराम नाटानी