क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- गंगा दशहरा पर दतिया जिले में जल संरक्षण का जनअभियान सीता सागर पर चला विशेष सफाई अभियान, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने किया श्रमदान दतिया ( ईएमएस ) | “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जिलेभर में जल संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित सीता सागर पर विशेष सफाई अभियान चलाकर जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल, कलेक्टर दतिया स्वप्निल वानखड़े तथा नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगुला सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कलश यात्राएं निकाली गईं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। विभिन्न जल स्रोतों, तालाबों एवं कुओं की साफ-सफाई कर उन्हें संरक्षित एवं स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प भी लिया गया। गंगा दशहरा के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों से जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं जल बचाने के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ तथा नागरिकों में जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी।