10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम, आर्थिक दबाव बढ़ा जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। शहर में अब पेट्रोल 114.53 रुपये प्रति लीटर और डीजल 99.66 रुपये प्रति लीटर की दर से बिकेगा। बीते 11 दिनों से तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियों के आधार पर ईंधन की कीमतों में लगातार बदलाव कर रही हैं। 15 मई से शुरू हुए इस मूल्यवृद्धि के दौर में अब तक चार बार दाम बढ़ाए जा चुके हैं। लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच ईंधन की कीमतों में इजाफे ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। विशेष रूप से मध्यमवर्गीय परिवारों के मासिक बजट पर इसका सीधा असर दिखाई देने लगा है। रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर परिवहन खर्च तक महंगा होने से लोगों की आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय हालात का असर …… विशेषज्ञों के अनुसार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि का मुख्य कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जारी उतार-चढ़ाव है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से आयात करता है। ऐसे में होर्मुज क्षेत्र में बने तनावपूर्ण हालात के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसका असर देश की तेल रिफाइनरियों पर भी पड़ रहा है, जिसके चलते घरेलू बाजार में ईंधन की कीमतों में लगातार उछाल देखा जा रहा है। आमजन में बढ़ रही नाराजगी …….. ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर आम नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि पहले से बढ़ी खाद्य सामग्री और घरेलू खर्चों के बीच पेट्रोल-डीजल महंगा होने से राहत की उम्मीद खत्म होती नजर आ रही है। वाहन चालकों और छोटे व्यापारियों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ रहा है, क्योंकि परिवहन लागत बढ़ने से अन्य वस्तुओं के दाम भी प्रभावित हो सकते हैं। सुनील साहू / शहबाज / 25 मई 2026/ 05.25