राज्य
25-May-2026


36 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से बढ़ा असंतोष जबलपुर (ईएमएस)। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में कर्मचारी संघ और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच विवाद की स्थिति गहराती नजर आ रही है। कर्मचारी संघ ने आरोप लगाया है कि 20 अप्रैल 2025 को प्रशासन को 36 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय 30 दिनों के भीतर मांगों के निराकरण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। संघ अध्यक्ष संजय यादव के अनुसार कार्यपरिषद के निर्णय के बाद स्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया 15 अप्रैल तक पूरी हो जानी थी, लेकिन 25 मई तक भी आदेश जारी नहीं किए गए। वहीं कलेक्टर दर पर कार्यरत 73 कर्मचारियों के वेतन प्रकरण में सदस्यता शुल्क कटौती को लेकर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। संघ का कहना है कि मूल नस्ती हटाकर दूसरी नस्ती संचालित की गई, जिसमें शुल्क कटौती नहीं की गई। श्रमसाध्य भत्ते पर रोक से नाराज कर्मचारी ……. कर्मचारी संघ ने श्रमसाध्य भत्ते पर रोक लगाए जाने को भी कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बताया है। संघ का आरोप है कि पिछले ढाई वर्षों से कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 5 जून तक सभी मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो कर्मचारी कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। सुनील साहू / शहबाज / 25 मई 2026/ 05.24