* अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों की एयरपोर्ट पर सघन स्क्रीनिंग, अहमदाबाद-सूरत में विशेष आइसोलेशन वार्ड तैयार गांधीनगर (ईएमएस)| प्रफुल पानशेरिया ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान समय में गुजरात या पूरे भारत में इबोला वायरस का एक भी मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की घबराहट या चिंता की आवश्यकता नहीं है। केंद्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का राज्य सरकार द्वारा पूरी गंभीरता और सख्ती से पालन किया जा रहा है। गांधीनगर स्थित स्वर्णिम संकुल-2 में स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य की तैयारियों, निगरानी व्यवस्था और संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए किए गए इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की गई। * अफ्रीकी देशों में बढ़े इबोला के मामले, गुजरात स्वास्थ्य विभाग सतर्क दक्षिण अफ्रीका क्षेत्र के कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान जैसे देशों में इबोला वायरस संक्रमण के मामले सामने आने के बाद गुजरात सरकार का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। विशेष रूप से इन देशों से आने वाले यात्रियों पर नजर रखी जा रही है। * अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विशेष निगरानी सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शाम 6 बजे से सुबह 10 बजे तक अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों की सघन मेडिकल स्क्रीनिंग की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह जांच केवल प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों के लिए ही लागू है। अन्य देशों से आने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। * अहमदाबाद, सूरत और एसवीपी अस्पताल में विशेष व्यवस्था संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार ने विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं भी तैयार कर दी हैं। अहमदाबाद सिविल अस्पताल में 32 बेड की विशेष व्यवस्था की गई है। सूरत सिविल अस्पताल में 10 बेड का डेजिग्नेटेड एपेक्स सेंटर तैयार किया गया है। इसके अलावा एसवीपी अस्पताल में 60 बेड का अलग आइसोलेशन वार्ड और विशेष उपचार सुविधा विकसित की गई है। यदि कोई यात्री संदिग्ध पाया जाता है, तो भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार तत्काल उपचार शुरू किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए राज्य पूरी तरह तैयार है। * जनता से सतर्क रहने की अपील स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि फिलहाल राज्य में इबोला संक्रमण का कोई मामला नहीं है, इसलिए अफवाहों से बचना चाहिए। केवल प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है ताकि संक्रमण फैलने की कोई संभावना न रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य का स्वास्थ्य तंत्र नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध और सतर्क है। सतीश/25 मई