मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई से सटे वसई-विरार क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक महिला ग्राम राजस्व अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। खबर है कि पेल्हार ग्राम पंचायत की ग्राम राजस्व अधिकारी उज्वला प्रवीण पाटील को 45 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते समय एसीबी की टीम ने धर दबोचा। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क कर आरोप लगाया था कि उसके द्वारा किए गए कमरे के निर्माण का पंचनामा नहीं करने के बदले अधिकारी ने 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसके अलावा मौजे बिलालपाडा स्थित सर्वे नंबर 13/03 की जमीन पर किए गए मिट्टी भराई कार्य के पंचनामे के लिए भी 1 लाख 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। इस तरह कुल 1 लाख 95 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने का मामला सामने आया। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच और सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने पर विभाग ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता जब रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 45 हजार रुपये लेकर पहुंचा, तभी एसीबी की टीम ने उज्वला प्रवीण पाटील को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल महिला अधिकारी से पूछताछ जारी है। इस मामले में पेल्हार पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं इस कार्रवाई के बाद वसई-विरार क्षेत्र के ग्राम पंचायतों और तलाठी कार्यालयों में एसीबी की इस सख्त कार्रवाई से डर का माहौल देखा जा रहा है। संजय/संतोष झा- २५ मई/२०२६/ईएमएस