राज्य
25-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के व्यस्त मरीन ड्राइव इलाके में रविवार देर रात एक सनसनीखेज हिट एंड रन की घटना सामने आई, जहां तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज बॉम्बे अस्पताल में चल रहा है। दोनों को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 29 साल के निहाल सोलंकी के रूप में हुई है। घटना मरीन ड्राइव चेक नाके पर उस समय हुई, जब पुलिस रात में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान आरोपी तेज रफ्तार मर्सिडीज कार लेकर वहां पहुंचा और अचानक कार पुलिस अधिकारियों की ओर मोड़ दी। जोरदार टक्कर लगने से दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके पर रुका नहीं और घायल पुलिसकर्मियों को वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचाया गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी निहाल सोलंकी को मुंबई से सटे नालासोपारा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। संजय/संतोष झा- २५ मई/२०२६/ईएमएस