महाराजपुर (ईएमएस)। सागर जिले के देवरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम महाराजपुर में जैन समाज ने संत-साध्वियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा है। समाज ने हाल ही में आर्यिका माताजी के साथ हुई दुर्घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है। ज्ञापन में कहा गया कि यह घटना केवल सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं लगती, बल्कि कई परिस्थितियां गंभीर आशंकाओं की ओर इशारा करती हैं। इसलिए मामले की SIT या न्यायिक जांच कराई जाए और CCTV फुटेज सहित सभी डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच हो। जैन समाज ने बताया कि जैन संत-साध्वी अहिंसा और तपस्या का जीवन जीते हैं तथा पैदल विहार करते हैं। ऐसे में संतों के साथ बढ़ती दुर्घटनाएं और हमले चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। समाज ने “संत सुरक्षा प्रोटोकॉल” लागू करने, विहार मार्गों पर पुलिस सहायता, ट्रैफिक नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। साथ ही केंद्र सरकार से “राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति” बनाने की अपील भी की गई है। जैन समाज ने कहा कि उनका उद्देश्य तनाव फैलाना नहीं, बल्कि संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है। निखिल सोधिया/ईएमएस/25/05/26