सफलता की कहानी कलेक्टर ने स्वयं अपनी डायरी में लिया अक्षर साथियों का ऑटोग्राफ उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान नर्मदापुरम (ईएमएस)। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं अक्षर साथियों को कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा सम्मानित किया गया। शासकीय प्राथमिक शाला ईपीईएस आमूपुरा के दिव्यांग शिक्षक श्री प्रेम सिंह सोनगरा को साक्षरता कार्यक्रम में उल्लेखनीय योगदान हेतु प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान किया गया। वहीं अक्षर साथी द्वारा साक्षर की गई अनीता यादव, जो वर्तमान में स्व-सहायता समूह का सफल संचालन कर रही हैं, उन्हें भी कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए अपनी डायरी में उनके ऑटोग्राफ भी लिए। यह क्षण कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के लिए प्रेरणादायक रहा। इसके पूर्व आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। जिला शिक्षा केंद्र के माध्यम से संचालित इस अभियान के उद्देश्य एवं लक्ष्यों की जानकारी डीपीसी डॉ. राजेश जायसवाल द्वारा प्रस्तुत की गई। बैठक में कलेक्टर ने विशेष रूप से उन विकासखंडों की समीक्षा की, जहां इस वर्ष अपेक्षाकृत कम असाक्षर साथियों को परीक्षा में सम्मिलित कराया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इसके कारणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने नियमित निरीक्षण के दौरान उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान अंतर्गत संचालित सामाजिक चेतना केंद्रों एवं अध्ययन केंद्रों का निरीक्षण भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें, ताकि अभियान को अधिक प्रभावी एवं परिणाममुखी बनाया जा सके। ईएमएस/ राजीव अग्रवाल/ 25 मई 2026