* “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत ग्रामीणों को हरियाली और स्वच्छता का संदेश भरुच (ईएमएस)| भरुच जिले के दो दिवसीय दौरे पर आए राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने अंकलेश्वर तहसील के नए कांस्यिया गांव में ग्रामीणों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने ग्रामीणों से लगाए गए वृक्षों की देखभाल करने और गांव को हराभरा बनाने का आह्वान किया। वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद गुजरात पुलिस दल द्वारा राज्यपाल को सम्मानपूर्वक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान किया गया। राज्यपाल ने पुलिस जवानों की अनुशासित सलामी स्वीकार की। इसके बाद उन्होंने गांव की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया और नए कांस्यिया गांव की आधारभूत संरचना तथा स्वच्छता व्यवस्था की सराहना की। गांव की गलियों में लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए उनका हालचाल भी जाना। स्वच्छता का संदेश देने के उद्देश्य से राज्यपाल गांव में आयोजित स्वच्छता अभियान में स्वयं शामिल हुए और जयन्ति मोदी फलिया क्षेत्र में ग्रामीणों के साथ सफाई कार्य किया। गांव के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लिया। राज्यपाल ने ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ बनाए रखने की अपील करते हुए रात्रि सभा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर ‘स्वच्छता अभियान’ के अंतर्गत समाज को स्वच्छ और रोगमुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों का राज्यपाल के हाथों विशेष सम्मान किया गया। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों की सेवाभावना की सराहना करते हुए उनके कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायी और गौरवपूर्ण बताया। राज्यपाल ने अपनी यात्रा के उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि ग्राम कल्याण कार्यक्रम के तहत वे राज्य के प्रत्येक तहसील क्षेत्र में किसी एक गांव का चयन करते हैं। वहां जाकर ग्रामीणों के साथ वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान चलाते हैं। इसके बाद अनुसूचित जाति और जनजाति परिवारों के यहां रात्रि भोजन करते हैं तथा ग्रामीणों के साथ गांव के विकास और उत्थान से जुड़े विषयों पर संवाद करते हैं। सरकारी विद्यालय में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन सुबह विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास भी करते हैं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए वे प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के खेतों का दौरा करते हैं, गौ-दुग्ध दोहन करते हैं, खेतों का निरीक्षण करते हैं तथा किसानों को प्राकृतिक खेती के बारे में मार्गदर्शन देते हैं। साथ ही तहसील के विभिन्न गांवों के किसानों के साथ प्राकृतिक खेती विषयक परिसंवाद भी आयोजित करते हैं। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी एवं प्रभारी जिला कलेक्टर योगेश कापसे, जिला पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सतीश/25 मई