राज्य
25-May-2026
...


:: संपत्तियां ऑनलाइन होने पर एमपी को मिला स्कॉच अवार्ड; भोपाल के स्कॉलरशिप वितरण कार्यक्रम में 849 मेधावी छात्र-छात्राओं को मिली छात्रवृत्ति :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज मध्य प्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड विभिन्न नवाचारों के चलते पूरे देश में सबसे आगे है। प्रदेश में उम्मीद पोर्टल के माध्यम से सभी वक्फ संपत्तियों को ऑनलाइन कर रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। इस पारदर्शी व्यवस्था के लिए भारत सरकार की ओर से मध्य प्रदेश को प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड से नवाजा गया है। यह सुशासन और पारदर्शिता पूरे देश के लिए एक मिसाल बनी है। मुख्यमंत्री सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित मध्य प्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड के स्कॉलरशिप वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में पढ़ो-पढ़ाओ और राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनो योजना के तहत 849 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति की राशि वितरित कर बधाई दी। :: नए कानूनों से वक्फ माफियाओं पर कसा शिकंजा :: अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नए वक्फ कानूनों के माध्यम से सुशासन की व्यवस्था लागू की है। इससे वक्फ संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने और उन्हें पूरी तरह सुरक्षित करने में बड़ी सफलता मिली है। नए सुधारों से जहां राज्यों के वक्फ बोर्ड की आय में बढ़ोतरी हो रही है, वहीं सच के साथ काम करने का आनंद भी मिल रहा है। उन्होंने देश के गौरव कैप्टन हमीद के शौर्य को याद करते हुए कहा कि भारत की संस्कृति हमेशा से कानून और समरसता पर भरोसा करने वाली रही है। देश रहीम और रसखान की मेलजोल वाली साझी संस्कृति में विश्वास रखता है। :: पूर्व राष्ट्रपति कलाम के नाम पर होगा नए वक्फ भवन का नाम :: मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता के बाद से अब तक के वक्फ सुधारों को ऐतिहासिक बताते हुए मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड की सराहना की। उन्होंने घोषणा की कि भोपाल में बनने वाले नए वक्फ भवन का नाम देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए पी जे अब्दुल कलाम के नाम पर रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के बेटा-बेटियों को भरोसा दिलाया कि उनकी उच्च शिक्षा के सपनों को साकार करने में राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी। :: बेटियों का ड्राप आउट रोकने में मिली सफलता : डॉ. सनवर पटेल कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में वक्फ माफियाओं पर कड़ा अंकुश लगा है। संपत्तियां ऑनलाइन होने से छिपकर साठगांठ करने वाले बेनकाब हुए हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड की आय बढ़ने से अब गरीब और जरूरतमंद बच्चों को मेडिकल कॉलेज तक की पढ़ाई में मदद दी जा रही है। औकाफ-ए-आम्मा के प्रयासों से स्कूल-कॉलेजों में बेटियों के ड्राप आउट (पढ़ाई बीच में छोड़ना) को रोकने में बड़ी कामयाबी मिली है। इसके साथ ही एक स्कूल की नई बिल्डिंग का नाम भी डॉ. कलाम के नाम पर रखा जाएगा। इस वर्ष वक्फ की संपत्तियों पर 5 लाख पौधे रोपने का संकल्प भी लिया गया है। इस गरिमामय अवसर पर वक्फ बोर्ड की सीईओ फरजाना गजाल, शहर काजी मुस्ताक अली नदमी, वक्फ बोर्ड के जिलाध्यक्ष असलम भाई सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मुस्लिम छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। प्रकाश/25 मई 2026