राज्य
25-May-2026


:: अग्रवाल समाज महिला प्रकोष्ठ का आयोजन आज; जेवर के एमडी सुदीप सेठी करेंगे देश की आर्थिक स्थिति और सोने की खरीदी पर मार्गदर्शन :: इंदौर (ईएमएस)। अग्रवाल समाज महिला प्रकोष्ठ के लोकप्रिय कार्यक्रम “लव यू जिन्दगी” की श्रृंखला में मंगलवार, 26 मई को एक बेहद खास और सुहानी शाम सजने जा रही है। विजय नगर स्थित होटल मामामिया “द हब” में दोपहर 3:30 बजे से आयोजित होने वाले इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम में “जेवर” के संचालक सुदीप सेठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस ग्लैमरस शाम में समाज की 100 से अधिक सखियां शामिल होकर भीषण गर्मी के इस उछलते पारे पर काबू पाने के गुर सीखेंगी। प्रकोष्ठ की प्रमुख प्रतिभा मित्तल ने बताया कि इंदौर का पारा इन दिनों 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। इस झुलसाती गर्मी से राहत पाने और मेहमानों का स्वागत खास अंदाज में करने के लिए कार्यक्रम में विशेष रूप से मॉकटेल बनाने का प्रशिक्षण रखा गया है। विषय विशेषज्ञ सखियों को घर में ही आसानी से उपलब्ध होने वाली सामग्रियों से अलग-अलग तरह के स्वादिष्ट और ठंडे मॉकटेल तैयार करने की विधियां सिखाएंगी, जो इस मौसम में बेहद सुविधाजनक और रिफ्रेशिंग साबित होंगी। :: प्रधानमंत्री की अपील का विश्लेषण और आर्थिक मार्गदर्शन :: कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और तुलसी टावर (साउथ तुकोगंज) स्थित प्रतिष्ठित संस्थान “जेवर” के एमडी सुदीप सेठी इस मौके पर सखियों से सीधे रूबरू होंगे। वे वर्तमान हालातों में देश की आर्थिक स्थिति में महिलाओं के योगदान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई सोना नहीं खरीदने की अपील का बारीकी से विश्लेषण करते हुए सखियों का मार्गदर्शन करेंगे। साथ ही जेवर के प्रायोजन में महिलाओं को खुद को और अधिक प्रजेंटेबल व खूबसूरत बनाने के विशेष टिप्स भी दिए जाएंगे। :: गीत-संगीत, धमाल और सरप्राइज गिफ्ट्स :: पिछले दिनों सयाजी होटल में आयोजित सुपरहिट लाल परी महफ़िल के बाद लव यू जिन्दगी की यह शाम भी बेहद यादगार और शानदार होने वाली है। आयोजन को जीवंत बनाने के लिए डीजे की मनोहारी धुनों पर गीत-संगीत, ग्रुप डांस और धमाल-मस्ती के कई दौर चलेंगे। कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाली सखियों के लिए विभिन्न मनोरंजक स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें आकर्षक सरप्राइज गिफ्ट्स और अन्य उपहार जीतने के ढेरों अवसर मिलेंगे। प्रकाश/25 मई 2026