महाकाल जैसा बनेगा भव्य भोजशाला कॉरिडोर धार(ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को भोजशाला मंदिर पहुंचे। मोहन यादव पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो भोजशाला में पूजा-अर्चना करने पहुंचे हैं। इस दौरान एक बातचीत में मोहन यादव ने कहा कोर्ट ने ही दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है। उन्होंने कहा कि भोजशाला मां सरस्वती देवी का मंदिर है। यहां की पूजा का अलग ही महत्व है। मुख्यमंत्री यादव ने इसी के साथ यह ऐलान भी किया है कि महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर धार भोजशाला में भी भव्य कॉरिडोर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में 11 अलग-अलग जगहों पर भव्य कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं। धार भोजशाला में भी भव्य कॉरिडोर जल्द ही बनाया जाएगा। उन्होंने भोजशाला आंदोलन में शहीद हुए तीन बलिदानियों लक्ष्मण सिंह पंचघाटी, बनसिंह अमझेरा, अंतर सिंह के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। भोज शोध संस्थान बनाने का ऐलान भी किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि साढ़े सात सौ साल के संघर्ष के बाद भोजशाला को लेकर जो निर्णय आया है, उसके लिए धारवासी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने ‘जय जय सियाराम’ के उद्घोष के साथ भाषण की शुरुआत की और कहा कि गंगा दशहरा पर उन्हें भोजशाला में मां वाग्देवी के दर्शन का सौभाग्य मिला। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसी के साथ यह भी कहा कि से उनकी सरकार लंदन म्यूजियम से मां वाग्देवी की प्रतिमा लाएगी। उन्होंने बताया कि मां वाग्देवी की प्रतिमा लंदन म्यूजियम में रखी हुई है। प्रतिमा को वापिस लाने के लिए भारत सरकार द्वारा प्रयास किए जाएंगे और हम प्रतिमा को जरूर लेकर वापस लाएंगे। मुख्यमंत्री यादव ने मां वाग्देवी की पावन भूमि धार में स्थित भोजशाला मंदिर में दर्शन-पूजन कर सभी के मंगल और कल्याण की कामना की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर पूजा अर्चना की तस्वीरें शेयर की है। और लिखा है कि यह स्थान हमारी सनातन संस्कृति के स्वाभिमान का प्रतीक हैं। मां वाग्देवी का आशीर्वाद सदैव मध्यप्रदेश पर बना रहे। शहीद परिवारों का मंच पर सम्मान सीएम ने भोजशाला आंदोलन में शहीद हुए तीनों बलिदानियों के परिजनों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि भी दी गई। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक नीना विक्रम वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। धार का इतिहास अब बदलने लगा है मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने भगवान राम के नाम पर लोगों को लड़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की बसंत पंचमी के बाद धार का इतिहास बदलने लगा है। धार विकास की दौड़ में पीछे रह गया था, लेकिन अब भोजशाला क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा दी जाएगी। भोजशाला लोक और भोज शोध संस्थान इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम होंगे। मोतीबाग चौक पर विकास कार्यों का लोकार्पण भोजशाला कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मोतीबाग चौक पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए गए। सीएम ने देवी सागर तालाब पहुंचकर ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ और ‘गंगा दशहरा’ कार्यक्रम के तहत श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करोड़ों रुपए की लागत से जल संरक्षण के कार्य किए जा रहे हैं। विनोद उपाध्याय / 25 मई, 2026