राज्यसभा सीट बचाने की कवायद में जुटी कांग्रेस भोपाल (ईएमएस) । मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से दिल्ली में हुई मुलाकात ने सियासी चर्चाओं को और गर्म कर दिया है। इस मुलाकात के बाद पार्टी गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस में एकमात्र सीट बचाने की चुनौती के बीच दिल्ली से भोपाल तक बैठकों और लॉबिंग का दौर शुरू हो गया है। उमंग सिंघार ने सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। इस दौरान राज्यसभा चुनाव के राजनीतिक समीकरण, मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन की स्थिति और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। सिंघार ने प्रदेश संगठन को लेकर फीडबैक रिपोर्ट भी सौंपी। इसके बाद कांग्रेस में यह चर्चा और तेज हो गई कि पार्टी राज्यसभा सीट पर बड़ा राजनीतिक और सामाजिक संतुलन साधने की तैयारी कर रही है। आशीष पाराशर