राज्य
25-May-2026


अलीगढ़(ईएमएस)। अलीगढ़ में महिलाओं को लूटने वाले 2 बदमाशों को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। बदमाशों ने रविवार दोपहर भी एक महिला से कुंडल लूटे थे। इसके बाद से पुलिस उनकी घेराबंदी में जुटी थी। पुलिस ने देर शाम बदमाशों को मढौली गांव के पास घेर लिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाश ढेर हो गए। मारे गए बदमाश रजा मोहम्मद पर 40 मुकदमे दर्ज हैं। वह रजापुर गांव के सिंभावली थाना क्षेत्र (हापुड़) का रहने वाला था। जबकि मोमीन बुलंदशहर का रहने वाला था। उस पर 27 मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ में 2 सिपाही भी घायल हुए हैं। 17 मई की दोपहर के समय भकरोला गांव की रहने वाली सीमा देवी, कुंती देवी, सुनीता, गुडिय़ा, प्रेमलता, कमलेश, रेखा, पूनम, ललितेश और कमलेश समेतत कई महिलाएं खेत गई थीं। इसी दौरान वहां बाइक से 2 युवक पहुंचे और तमंचा दिखाकर महिलाओं को डरा दिया। उसके बाद बदमाशों ने महिलाओं से जबरन उनके कुंडल और पाजेब समेत अन्य जेवर उतरवा लिए। जब महिलाओं ने विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से भाग गए थे। विनोद उपाध्याय / 25 मई, 2026