क्षेत्रीय
27-May-2026
...


इंदौर (ईएमएस)। इंदौर शहर में चोरी, नकबजनी और झपट्टा मारने (स्नैचिंग) की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अन्नपूर्णा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके कारनामे शहरभर में फैले हुए थे। पकड़े गए आरोपी का असली नाम पवन है, लेकिन अपराध की दुनिया और दोस्तों के बीच वह लक्षद्वीप के नाम से कुख्यात है। पुलिस ने उसके पास से विभिन्न कंपनियों के चोरी के 11 मोबाइल फोन और बिना नंबर की एक स्कूटी बरामद की है, जिसकी कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है। थाना प्रभारी अन्नपूर्णा को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि क्षेत्र में सक्रिय पवन उर्फ लक्षद्वीप नाम का युवक चोरी के मोबाइल और गाड़ियां बेचने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को धरदबोचा। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने इंदौर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोबाइल और स्कूटी चोरी करने की बात कबूल कर ली है। शातिर चोर ने बताया कि वह अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए इन वारदातों को अंजाम देता था और चुराए गए कीमती मोबाइलों को राहगीरों को सस्ते दामों में बेच देता था। - चोरी के बाद कहता था- मैं तो लक्षद्वीप चला जाऊंगा :: आरोपी के पवन से लक्षद्वीप बनने की कहानी भी बेहद दिलचस्प है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर दिमाग है और वह इंदौर में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए तुरंत शहर बदल लेता था। वह अक्सर अपने साथियों से कहता था कि मैं चोरी करके लक्षद्वीप भाग जाऊंगा, पुलिस मुझे कभी नहीं पकड़ पाएगी। इसी वजह से उसके दोस्तों ने उसका नाम ही लक्षद्वीप रख दिया था। हालांकि, अन्नपूर्णा पुलिस की मुस्तैदी के आगे उसकी यह चालाकी धरी की धरी रह गई और पुलिस ने उसे इंदौर में ही दबोच लिया। - अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद, टीम होगी पुरस्कृत :: फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से कड़ाई से पूछताछ के बाद शहर की अन्य कई बड़ी वारदातों के खुलासे होने की पूरी उम्मीद है। इस सराहनीय और त्वरित कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अन्नपूर्णा थाने की पुलिस टीम को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। प्रकाश/26 मई 2026